गुजरात टाइटन्स के ऑलराउंडर राहुल तेवतिया इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इस सीजन में वे अधिक जिम्मेदारी लेना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वे एक बल्लेबाज के तौर पर बेहतर प्रदर्शन करना चाहते हैं। राजस्थान रॉयल्स के लिए खेल चुके तेवतिया को आईपीएल नीलामी में गुजरात की टीम ने नौ करोड़ रुपये में खरीदा था। गुजरात का पहला मुकाबला दूसरी नई टीम लखनऊ सुपरजाएंट्स से 28 मार्च को होगा।
तेवतिया ने मंगलवार को कहा कि आईपीएल में जब वह बल्लेबाजी के लिए क्रीज पर जाएंगे तब बड़ी पारी खेलना चाहेंगे। इस दौरान उन्हें अधिक जिम्मेदारी लेनी होगी। तेवतिया ने अपनी भूमिका के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘‘भूमिका में कोई बदलाव नहीं होगी। मेरी वही भूमिका होगी जो एक मध्यक्रम के बल्लेबाज की होती है। मध्यक्रम में मेरे अलावा हार्दिक पंड्या टीम में हैं। मुझे उनके ऊपर से जिम्मेदारी कम करनी होगी। हमें मुंबई में मैच खेलना है तो उसी अनुसार गेंदबाजी पर काम करना होगा।’’
आईपीएल में बल्लेबाजी की भूमिका छठे, सातवें और आठवें क्रम पर ज्यादा महत्वपूर्ण हो जाती है। तीनों क्रम के बल्लेबाजों पर पारी के अंत में बड़े-बड़े शॉट लगाने का दबाव होता है। उनसे मैच फिनिश करने की उम्मीद की जाती है। तेवतिया ने इस पर कहा, ‘‘इन तीन नंबरों पर बल्लेबाजी करने वाले बल्लेबाजों की भूमिका ज्यादा महत्वपूर्ण होती है। उनके पास समय कम और काम ज्यादा होते हैं।’’
तेवतिया ने कहा कि मैच में पहले बल्लेबाजी करने पर नीचले क्रम के बल्लेबाजों को तेजी से रन बनाने की चुनौती होती है। लक्ष्य का पीछा करने के समय विकेट बचाने के अलावा नेटरनरेट को बरकरार रखना मुश्किल होता है। हम इसे लेकर योजना बना रहे हैं और इसी अनुसार तैयारी भी कर रहे हैं।’’ तेवतिया के आईपीएल करियर की बात जाए तो उन्होंने 48 मैच में 23.68 की औसत से 521 रन बनाए हैं। इसके अलावा 32 विकेट भी लिए हैं।