गुरुवार को लखनऊ सुपर जाएंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मैच खेला गया, जिसे लखनऊ ने छह विकेट से आसानी से जीत लिया। इस जीत से केएल राहुल की लखनऊ टीम को काफी फायदा पहुंचा है। टीम अंक तालिका में कोलकाता के बाद दूसरे नंबर पर पहुंच गई है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने 20 ओवर में तीन विकेट पर 149 का स्कोर खड़ा किया।
जवाब में लखनऊ की टीम ने 19.4 ओवर में चार विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। लखनऊ के 'बेबी एबी' आयुष बदोनी ने धोनी स्टाइल में छक्का लगाकर मैच फिनिश किया। इस जीत से लखनऊ नें प्वाइंट्स टेबल में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। कोलकाता और लखनऊ दोनों के ही चार-चार मैचों के बाद छह-छह अंक हैं। हालांकि, नेट रन रेट के मामले में केकेआर की टीम आगे है।
प्वाइंट्स टेबल क्रेडिट: अमर उजाला
दिल्ली से मिली जीत के बाद लखनऊ का नेट रन रेट +0.256 है। वहीं, कोलकाता का रन रेट +1.102 है। वहीं, तीसरे नंबर पर राजस्थान की टीम है। उसके तीन मैचों में दो जीत और एक हार के साथ चार अंक हैं। गुजरात की टीम चौथे और पंजाब की टीम पांचवें स्थान पर है। अंक तालिका में टक्कर इतनी जोरदार है कि बैंगलोर की टीम तीन में से दो मैच आसानी से जीतकर भी छठे स्थान पर है।
दिल्ली की टीम को इस मैच में हार का खामियाजा भुगतना पड़ा और टीम तीन में से दो मैच हारकर अंक तालिका में सातवें स्थान पर पहुंच गई है। चेन्नई आठवें, मुंबई नौवें और सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 10वें स्थान पर है। हैदराबाद ने अब तक दो मैच खेले हैं और दोनों में हार मिली है।
ऑरेंज कैप लिस्ट: आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले को टूर्नामेंट के आखिर में ऑरेंज कैप दी जाती है। हालांकि, बीच टूर्नामेंट में भी यह रन बनाने वाले खिलाड़ियों अनुसार बदलता रहता है। इस सीजन अब तक ये पांच बल्लेबाज ऑरेंज कैप की लिस्ट में सबसे आगे चल रहे हैं-
- जोस बटलर - 3 मैच में 205 रन (राजस्थान रॉयल्स)
- क्विटंन डिकॉक- 4 मैच में 149 रन (लखनऊ सुपर जाएंट्स)
- ईशान किशन- 3 मैच में 149 रन (मुंबई इंडियंस)
- केएल राहुल- 3 मैच में 132 रन (लखनऊ सुपर जाएंट्स)
- दीपक हुड्डा 4 मैच में 130 रन (लखनऊ सुपर जाएंट्स)
- फाफ डुप्लेसिस 3 मैच में 122 रन (आरसीबी)
पर्पल कैप लिस्ट: ऑरेंज कैप की तरह ही आईपीएल में हर सीजन सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ी को पर्पल कैप दी जाती है। इस सीजन 15 मुकाबलों के बाद ये पांच गेंदबाज पर्पल कैप की रेस में सबसे आगे चल रहे हैं-
- उमेश यादव - 4 मैच में 9 विकेट - कोलकाता नाइट राइडर्स
- युजवेंद्र चहल - 3 मैच में 7 विकेट (राजस्थान रॉयल्स)
- आवेश खान - 4 मैच में 7 विकेट (लखनऊ सुपर जाएंट्स)
- राहुल चाहर - 3 मैच में 6 विकेट (पंजाब किंग्स)
- कुलदीप यादव- 3 मैच में 6 विकेट (दिल्ली कैपिटल्स)