इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 15वें सीजन के लिए खिलाड़ियों की नीलामी 12 और 13 फरवरी को लखनऊ में होनी है। उससे पहले दो नई टीमों अहमदाबाद और लखनऊ को ड्राफ्ट द्वारा चुने गए अपने तीन-तीन खिलाड़ियों की सूची जारी करनी है। इसके लिए बीसीसीआई ने उन्हें शनिवार (22 जनवरी) तक का समय दिया है। ऐसे में शनिवार का दिन आईपीएल के प्रशंसकों के लिए बड़ा होने वाला है। दोनों टीमों द्वारा कुछ बड़ी घोषणाएं हो सकती हैं।
कप्तानों की आधिकारिक घोषणा: लखनऊ और अहमदाबाद की टीमें आधिकारिक तौर पर अपने कप्तानों की घोषणा कर सकती हैं। हालांकि, बीसीसीआई द्वारा 22 जनवरी की समय सीमा तक टीम के कप्तानों की घोषणा करना अनिवार्य नहीं है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों टीमें शनिवार को आधिकारिक तौर पर अपने कप्तानों की घोषणा करेंगी। माना जा रहा है कि हार्दिक पांड्या को अहमदाबाद टीम का कप्तान बनाया जाएगा और केएल राहुल को लखनऊ टीम का कप्तान घोषित किया जाएगा।
ड्राफ्ट द्वारा चुने गए खिलाड़ियों की आधिकारिक घोषणा: बीसीसीआई द्वारा निर्धारित समय सीमा के अनुसार, लखनऊ और अहमदाबाद आधिकारिक तौर पर ड्राफ्ट के जरिए चुने गए अपने तीन खिलाड़ियों की सूची बोर्ड को देनी है। बीसीसीआई शनिवार को इसकी आधिकारिक घोषणा करेगा।
ईएसपीएन क्रिकइंफो डॉट कॉम के मुताबिक, लखनऊ की टीम ने पंजाब किंग्स के पूर्व कप्तान केएल राहुल को 15 करोड़, दिल्ली कैपिटल्स के पूर्व के ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस को 11 करोड़ और पंजाब किंग्स के पूर्व लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को चार करोड़ में चुना है। दूसरी ओर, अहमदाबाद फ्रेंचाइजी ने मुंबई इंडियंस के पूर्व ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को 15 करोड़, सनराइजर्स हैदराबाद के पूर्व लेग स्पिनर राशिद खान को 15 करोड़ और कोलकाता नाइटराइडर्स के पूर्व ओपनर शुभमन गिल को सात करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया है।
टीमों के नाम का एलान: लखनऊ फ्रेंचाइजी को आरपीएसजी ग्रुप ने पिछले साल 25 अक्टूबर को खरीदा था। वहीं, सीवीसी कैपिटल ने अहमदाबाद फ्रेंचाइजी को अपनाया था। दोनों फ्रेंचाइजी ने अपनी टीम के आधिकारिक नाम, लोगो और जर्सी के बारे में अब तक नहीं बताया है। माना जा रहा है कि शनिवार को ही इसकी घोषणा भी हो सकती है।
नीलामी के लिए खिलाड़ियों की अंतिम सूची होगी जारी
बीसीसीआई अगले हफ्ते एक बड़ा ऐलान करेगी। बोर्ड आईपीएल नीलामी के लिए रजिस्ट्रेशन कराने वाले खिलाड़ियों के नाम की सूची जारी कर सकता है। दुनिया भर के 1000 से अधिक खिलाड़ियों ने आईपीएल नीलामी के लिए अपना रजिस्ट्रेशन कराया है। इनमें से करीब 400 खिलाड़ियों की अंतिम सूची जारी होगी।