दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने आईपीएल 2021 के पहले चरण में शानदार प्रदर्शन किया है। ऋषभ पंत की अगुवाई में टीम अंक तालिका में पहले स्थान पर काबिज है। श्रेयस अय्यर की गैरमौजूदगी में भी टीम ने अपनी छाप छोड़ी है। यही कारण है कि टीम के कोच रिकी पोंटिंग आईपीएल के दूसरे चरण को लेकर बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने प्री-सीजन कैंप के दौरान शानदार जज्बा दिखाया है।
पोंटिंग ने दूसरे चरण पर बात करते हुए कहा, 'मैं पिछले चार महीने से दिल्ली कैपिटल्स में कैंप में वापस आने का इंतजार कर रहा था। मैं जब टीम के साथ होता हूं तो एक अच्छा समय बिताता हूं। मैं काफी नजदीक से चीजों पर नजर रख रहा था। मैं यहां कोचिंग स्टाफ से बात कर रहा था और उन्होंने अभी तक बेहतरीन काम किया है। ये आप खिलाड़ियों के जोश और जज्बे को देखकर समझ सकते हैं।
46 वर्षीय ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ने कहा, 'मैं अगले चार-पांच हफ़्तों को लेकर काफी।' उन्होंने यह भी कहा कि पहले चरण में टीम का प्रदर्शन मायने नहीं रखता है और हमें नए सिरे से शुरू करना होगा।
पोंटिंग ने कहा, 'इससे फर्क नहीं पड़ता कि हमने पहले चरण में क्या किया, हमें चार महीने हो गए जब हमने अच्छी क्रिकेट खेली थी, इसलिए हमें फिर से शुरू करना होगा। हमें अपने आप को तैयार करना होगा और यह सुनिश्चित करना होगा कि हम टूर्नामेंट के आखिरी समय में बेहतरीन प्रदर्शन करें।
पोंटिंग से जब पूर्व कप्तान श्रेयस अय्यर की चोट से वापसी पर पूछा गया तो उन्होंने कहा, यह अच्छा है कि श्रेयस वापस आ गया है। उसका रवैया काफी मिलनसार है। मैंने उससे काफी बात की, उसकी ट्रेनिंग अच्छी रही। वह मैदान में वापसी, रन बनाने और जीतने के लिए बेताब था। वह विश्वस्तरीय खिलाड़ी है और टीम में बहुत योगदान देने वाला है।
बता दें कि दिल्ली की टीम ने पहले चरण में आठ में से छह मुकाबले जीते हैं और 12 अंकों के साथ शीर्ष पर बनी हुई है। वह अब 22 सितंबर को सनराइजर्स हैदराबाद के साथ मुकाबले से अपने दूसरे चरण का आगाज करेगी।