कोलकाता नाइट राइडर्स के बल्लेबाज नितीश राणा टीम के ट्रेनिंग कैंप से जुड़ गए हैं। 3 अप्रैल (शुक्रवार) को उन्होंने अपने टीम साथियों के साथ जमकर अभ्यास किया। टीम में नितीश की वापसी उनकी कोविड-19 रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद हुई है। केकेआर का ये 27 वर्षीय बल्लेबाज 12 दिन पहले कोरोना वायरस से संक्रमित हो गया था। नितीश राणा 22 मार्च को मुंबई पहुंचे थे उसके एक दिन बाद उनकी कोविड-19 रिपोर्ट पॉजिटव आई थी।
बीसीसीआई नियमों के मुताबिक, नितीश राणा को होटल रूम में तब तक अकेले रहना था जब तक लगातार उनकी 2 कोविड-19 रिपोर्ट निगेटिव न आ जाएं। इसके बाद राणा ने 11वें और 12वें दिन अपना कोरोना टेस्ट करवाया जिसके बाद उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई।
केकेआर के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल द्वारा शेयर किए गए वीडियो में नितीश राणा ने कहा, अंत में मैं बाहर आ गया हूं, वास्तव में मैं बहुत अच्छा महसूस कर रहा हूं, ये मेरी बल्लेबाजी अभ्यास का पहला दिन था और मैंने अच्छे तरीके से बैटिंग की,आज मैं अपने केकेआर के साथियों के साथ जुड़ने से बेहद खुश हूं।
वीडियो में उन्होंने आगे कहा, आप लोगों से निवेदन है कि कोरोना से बचाव करें और चीजों को इतने हल्के में न लें, आप नहीं जानते हैं कि अगले पल आपके साथ क्या होगा, इसलिए आप अपने परिवार की देखरेख करें और घर में रहें।
नितीश राणा कोलकाता नाइट राइडर्स के अहम खिलाड़ी हैं। आईपीएल 2020 में उन्होंने अपनी टीम के लि शानदार प्रदर्शन किया था। संयुक्त अरब अमीरात में खेले गए आईपीएल में उन्होंने 14 मैचों में 352 रन बनाए थे। हाल ही में विजय हजारे ट्रॉफी के दौरान भी उनका बल्ला खूब चला। इस टूर्नामेंट में नितीश ने दिल्ली की तरफ से खेलते हुए 7 मैचों में 398 रन बनाए।