भारत और ऑस्ट्रेलिया की महिला टीमें आखिरी बार साल 2020 टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप फाइनल में एक दूसरे के खिलाफ मेलबर्न में खेली थीं। इस खिताबी मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने भारत को 85 रनों से हराया था। द स्कूप पॉडकास्ट से बात करते हुए स्मृति मंधाना ने कहा, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली विश्व कप फाइनल में हार के बाद टीम के प्रदर्शन में बड़े पैमाने पर सुधार हुआ है।
टीम इंडिया ने पूरा किया क्वारंटीन
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर पहुंची भारतीय महिला टीम ने 14 दिनों का निर्धारित क्वारंटीन सोमवार को पूरा कर लिया। स्मृति ने आगे कहा, टी20 विश्व कप के बाद कोविड-19 एक बड़ा ब्रेक था और बहुत सारी लड़कियों को वापस जाने और अपने खेल के बारे में अधिक समझने का मौका मिला, जो व्यक्तिगत रूप से उनकी कमी थी वे अधिक मजबूत होकर वापस आईं हैं। इस स्टाइलिश खिलाड़ी ने आगे कहा, कोरोना ब्रेक के बाद भारतीय टीम धीरे-धीरे क्रिकेट खेलने की लय में वापस आ रही है।
पूरी टीम ने फिटनेस पर किया काम
टीम इंडिया की सलामी बल्लेबाज ने कहा, पूरी टीम ने अपनी फिटनेस और कौशल पर काम किया है, हम अभी भी लगातार मैच खेलने की लय में आ रहे हैं, हम बीते पांच-छह महीसे क्रिकेट खेल रहे हैं और मैच की मानसिकता में वापस आ रहे हैं, उम्मीद है कि भारत के लिए आगामी सीरीज अच्छी होगी। भारतीय महिला टीम जून-जुलाई में इंग्लैंड दौरे पर मल्टी फॉर्मेट क्रिकेट खेलने के बाद ऑस्ट्रेलिया दौरे पर पहुंची है। इंग्लैंड दौरे पर भारत की कुछ महिला खिलाड़ियों हरमनप्रीत कौर, सनसनी शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने द हंड्रेड टूर्नामेंट में भी हिस्सा लिया था।