विराट सेना की निगाहें श्रीलंका के खिलाफ शुक्रवार से शुरू हो तीसरे एवं अंतिम टेस्ट में 22 साल में पहली सीरीज जीत पर लगी हैं। 3 मैचों की टेस्ट सीरीज में दोनों टीमें 1-1 से बराबरी पर बनी हुई हैं। ऐसे में निर्णायक बन गए मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर होने की उम्मीद लगाई जा रही है।
विराट कोहली की अगुआई में पिछले मैच में टीम इंडिया ने 278 रनों की जीत हासिल की थी। खुद कप्तान कोहली की यह पहली जीत रही अगर भारतीय टीम अंतिम टेस्ट जीतने में सफल रहती है तो बतौर कप्तान विराट पहली सीरीज भी जीतेंगे। हालांकि भारत सीरीज के पहले टेस्ट में जीत के बेहद करीब पहुंचकर मैच हार गया था।
इससे पहले भारतीय टीम ने 1993 में मोहम्मद अजहरुद्दीन की अगुआई में श्रीलंका में 1-0 से सीरीज जीती थी। इस बार टीम इंडिया में ज्यादातर खिलाड़ी युवा हैं और उनसे भरोसे भारत यह सीरीज जीतने की उम्मीद लगाए रखा है।
श्रीलंका टीम इस बात को लेकर बेहद चिंतित होगी कि ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने पहले 2 मैचों में जो 17 विकेट लिए हैं उनमें से 12 बाएं हाथ के बल्लेबाज रहे। लगातार चार बार संगकारा उनके शिकार बने। लाहिरू थिरिमाने का विकेट उन्होंने तीन बार लिया। अगर संगकारा की जगह उपल थरंगा को उतारा जाता है तो वह बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। अमित मिश्रा के 12 में से 7 विकेट निचले क्रम के बल्लेबाजों के हैं। ऐसे में श्रीलंका के शीर्ष 5 बल्लेबाजों पर बड़ी जिम्मेदारी होगी।