फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World Cup 2019: वार को तैयार विराट सेना, दक्षिण अफ्रीका से आज होगा घमासान

Wed, 05 Jun 2019 05:10 AM IST
Mukesh Jha स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
दक्षिण अफ्रीका बनाम इंडिया - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

भारतीय क्रिकेट टीम विश्व कप के अपने पहले मुकाबले में बुधवार को जब दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैदान पर उतरेगी तो आत्मविश्वास से भरी होगी। इसमें कोई शक नहीं कि दक्षिण अफ्रीकी टीम खराब दौर से जूझ रही है।

विज्ञापन


दो मुकाबले इंग्लैंड और बांग्लादेश के खिलाफ हार चुकी हैं और उसकी फिटनेस समस्याएं भी गहरी हैं तेज गेंदबाज डेल स्टेन विश्व कप से बाहर हो गए हैं। अन्य तेज गेंदबाज लुंगी नगिदी की मांसपेशियों में खिंचाव है जबकि अनुभवी बल्लेबाज हाशिम अमला अभी पूरी तरह फिट होने की प्रक्रिया में हैं। बावजूद इसके दक्षिण अफ्रीका जैसी टीम को हलके में लेना भूल होगी। 

Trending Videos

बादल छाए रहने और बारिश की आशंका

यहां पिच पर घास नहीं है और इसे बल्लेबाजों की मददगार माना जा रहा है। मौसम विभाग ने हालांकि बादल छाए रहने और बारिश की आशंका जताई है। गेंदबाजी में देखना यह है कि कोहली तीसरे तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को उतारते हैं या नहीं। अभ्यास मैचों में रविंद्र जडेजा के उम्दा प्रदर्शन असर को तरजीह मिलती है या पिछले 22 महीने से मिलकर अच्छा प्रदर्शन कर रहे कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल खेलते हैं। 

एक भी मैच खेले बिना केदार जाधव को उतारा जाता है या विजय शंकर टीम में रहते हैं। कैगिसो रबादा का एक स्पैल उसके लिए कहानी बदल सकता है। मौसम से मदद मिलने पर रबादा भारत के सलामी बल्लेबाजों रोहित शर्मा और शिखर धवन के लिए परेशानी का सबब बन सकते हैं। वैसे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज से लेकर अब तक पर्याप्त रन नहीं बना पाने के कारण दोनों का आत्मविश्वास हिला हुआ होगा।
 

धोनी की लय कायम रहने की उम्मीद 

लेग स्पिनरों के खिलाफ रोहित की कमजोरी का फायदा दक्षिण अफ्रीका के कप्तान फाफ डु प्लेसिस उठा सकते हैं। वह एक बार फिर इमरान ताहिर से गेंदबाजी का आगाज कराने की सोच सकते हैं। चौथे नंबर पर लोकेश राहुल उतरेंगे लेकिन देखना यह है कि कठिन हालात में उनका प्रदर्शन कैसा रहता है।

धोनी ने बांग्लादेश के खिलाफ अभ्यास मैच में शतक जमाया और उनसे उसी लय को कायम रखने की उम्मीद रहेगी। दक्षिण अफ्रीका को बल्लेबाजी में एबी डीविलियर्स की कमी बुरी तरह खल रही है। स्पिनरों केखिलाफ बल्लेबाजों की कलई बार बार खुल रही है। ऐसे में भारतीय स्पिनरों के 20 ओवर खेलना उनके लिए मुश्किल होगा। 
 

 कोहली का दोहरा इम्तिहान 

इस दौर के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से एक कोहली की बतौर कप्तान असल परीक्षा क्रिकेट के इस महासमर में होगी। भारत के पास मैच विनर्स की कमी नहीं है और उनमें पहला नाम खुद कोहली का है लेकिन इसमें वह 'आभामंडल' नहीं दिख रहा जो महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई वाली 2011 की विश्व कप विजेता टीम में था।

उस टीम में सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, युवराज सिंह, गौतम गंभीर, जहीर खान और हरभजन सिंह थे जिनका साथ देने के लिए मुनाफ पटेल, आशीष नेहरा, सुरेश रैना और युवा कोहली थे। मौजूदा टीम के कप्तान कोहली और मार्गदर्शक धोनी हैं और इसने पिछले नौ में से छह मैच जीते हैं।

दो साल की मेहनत की परिणिति इस टीम के रूप में हुई है। चैंपियंस ट्रॉफी 2017 के फाइनल में पाकिस्तान से मिली हार के बाद से विश्व कप की टीम की तैयारी शुरू हो चुकी थी।

विश्व कप में आमने-सामने 

कुल मैच : 04
द. अफ्रीका जीत : 03
भारत जीत : 01


भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 2015 विश्व कप में 130 रन से हराया था 
 
विज्ञापन

टीमेंः

भारत : विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन, रोहित शर्मा, लोकेश राहुल, महेंद्र सिंह धोनी, हार्दिक पंड्या, केदार जाधव, विजय शंकर, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, भुवनेश्वर कुमार, दिनेश कार्तिक, रविंद्र जडेजा।

दक्षिण अफ्रीका : फाफ डु प्लेसिस (कप्तान), क्विंटन डि कॉक, एडेन मार्करम, हाशिम अमला, जेपी डुमिनी, डेविड मिलर, कैगिसो रबादा, ड्वेन प्रिटोरियस, एंडिले फेहुलकवायो, तबरेज शम्सी, इमरान ताहिर, क्रिस मौरिस, वान डेर डुसेन।        
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें