यहां पिच पर घास नहीं है और इसे बल्लेबाजों की मददगार माना जा रहा है। मौसम विभाग ने हालांकि बादल छाए रहने और बारिश की आशंका जताई है। गेंदबाजी में देखना यह है कि कोहली तीसरे तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को उतारते हैं या नहीं। अभ्यास मैचों में रविंद्र जडेजा के उम्दा प्रदर्शन असर को तरजीह मिलती है या पिछले 22 महीने से मिलकर अच्छा प्रदर्शन कर रहे कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल खेलते हैं।
एक भी मैच खेले बिना केदार जाधव को उतारा जाता है या विजय शंकर टीम में रहते हैं। कैगिसो रबादा का एक स्पैल उसके लिए कहानी बदल सकता है। मौसम से मदद मिलने पर रबादा भारत के सलामी बल्लेबाजों रोहित शर्मा और शिखर धवन के लिए परेशानी का सबब बन सकते हैं। वैसे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज से लेकर अब तक पर्याप्त रन नहीं बना पाने के कारण दोनों का आत्मविश्वास हिला हुआ होगा।
लेग स्पिनरों के खिलाफ रोहित की कमजोरी का फायदा दक्षिण अफ्रीका के कप्तान फाफ डु प्लेसिस उठा सकते हैं। वह एक बार फिर इमरान ताहिर से गेंदबाजी का आगाज कराने की सोच सकते हैं। चौथे नंबर पर लोकेश राहुल उतरेंगे लेकिन देखना यह है कि कठिन हालात में उनका प्रदर्शन कैसा रहता है।
धोनी ने बांग्लादेश के खिलाफ अभ्यास मैच में शतक जमाया और उनसे उसी लय को कायम रखने की उम्मीद रहेगी। दक्षिण अफ्रीका को बल्लेबाजी में एबी डीविलियर्स की कमी बुरी तरह खल रही है। स्पिनरों केखिलाफ बल्लेबाजों की कलई बार बार खुल रही है। ऐसे में भारतीय स्पिनरों के 20 ओवर खेलना उनके लिए मुश्किल होगा।
इस दौर के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से एक कोहली की बतौर कप्तान असल परीक्षा क्रिकेट के इस महासमर में होगी। भारत के पास मैच विनर्स की कमी नहीं है और उनमें पहला नाम खुद कोहली का है लेकिन इसमें वह 'आभामंडल' नहीं दिख रहा जो महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई वाली 2011 की विश्व कप विजेता टीम में था।
उस टीम में सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, युवराज सिंह, गौतम गंभीर, जहीर खान और हरभजन सिंह थे जिनका साथ देने के लिए मुनाफ पटेल, आशीष नेहरा, सुरेश रैना और युवा कोहली थे। मौजूदा टीम के कप्तान कोहली और मार्गदर्शक धोनी हैं और इसने पिछले नौ में से छह मैच जीते हैं।
दो साल की मेहनत की परिणिति इस टीम के रूप में हुई है। चैंपियंस ट्रॉफी 2017 के फाइनल में पाकिस्तान से मिली हार के बाद से विश्व कप की टीम की तैयारी शुरू हो चुकी थी।
कुल मैच : 04
द. अफ्रीका जीत : 03
भारत जीत : 01
भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 2015 विश्व कप में 130 रन से हराया था
भारत : विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन, रोहित शर्मा, लोकेश राहुल, महेंद्र सिंह धोनी, हार्दिक पंड्या, केदार जाधव, विजय शंकर, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, भुवनेश्वर कुमार, दिनेश कार्तिक, रविंद्र जडेजा।
दक्षिण अफ्रीका : फाफ डु प्लेसिस (कप्तान), क्विंटन डि कॉक, एडेन मार्करम, हाशिम अमला, जेपी डुमिनी, डेविड मिलर, कैगिसो रबादा, ड्वेन प्रिटोरियस, एंडिले फेहुलकवायो, तबरेज शम्सी, इमरान ताहिर, क्रिस मौरिस, वान डेर डुसेन।