टी-20 वर्ल्डकप 2021 में भारतीय टीम ने अपना चौथा मैच स्कॉटलैंड के खिलाफ बड़े अंतर से जीत लिया। इस मैच में भारत ने पहली बार टॉस जीता और गेंदबाजी करने का फैसला किया। दुबई के मैदान में पहले गेंदबाजी करते हुए भारतीय गेंदबाज लय में दिखे और स्कॉटलैंड को लगातार अंतराल पर झटके दिए। इस वजह से स्कॉटलैंड की टीम सिर्फ 85 रन बना पाई। इसके बाद रोहित और राहुल की जोड़ी ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी की और भारत ने सातवें ओवर में मैच जीत लिया। यहां हम बता रहे हैं कि किन वजहों से भारत यह मैच आसानी से जीत पाया।
गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन
इस मैच में भारतीय टीम पहली बार पहले गेंदबाजी करने उतरी थी और भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। पावरप्ले में बुमराह और शमी ने स्कॉटलैंड को दो झटके दिए। इसके बाद जडेजा ने एक ही ओवर में दो विकेट लेकर स्कॉटलैंड की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। भारत ने सिर्फ 29 रनों पर स्कॉटलैंड के चार विकेट ले लिए थे। इसके बाद स्कॉटलैंड को वापसी करने का मौका नहीं मिला। बुमराह और शमी ने 6.3 ओवरों में पांच विकेट निकाले और सिर्फ 25 रन खर्चे। इस मैच में शमी और बुमराह ने एक-एक मेडन ओवर भी फेंका।
रोहित-राहुल की जोड़ी सुपरहिट
पहले दो मैचों में खराब प्रदर्शन के भारत की ओपनिंग जोड़ी कमाल कर रही है। स्कॉटलैंड के खिलाफ भी दोनों बल्लेबाजों ने टीम की जरूरत के हिसाब से विस्फोटक बल्लेबाजी की और भारत ने पावरप्ले में 82 रन बनाए। जब भारत का पहला विकेट गिरा तब टीम इंडिया 70 रन बना चुकी थी और भारत की जीत तय हो चुकी थी। इसी वजह से भारत ने 39 गेंदों में ही भारत ने मैच जीत लिया और नेट रन रेट में अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड को पीछे छोड़ दिया।
पहली बार टॉस जीतने का फायदा मिला
इस वर्ल्डकप में भारतीय कप्तान विराट कोहली ने पहली बार टॉस जीता और गेंदबाजी करने का फैसला किया। दुबई के मैदान में शाम के मैच में टॉस की अहमियत बहुत ज्यादा होती है। यहां दूसरी पारी के दौरान ओस गिरने लगती है। इस वजह से बाद में गेंदबाजी करने वाली टीम को परेशानी होती है। इससे पहले तीन मैचों में भारत टॉस हारा था और दुबई में खेले गए दो मैचों में उसे हार भी झेलनी पड़ी थी। हालांकि इस मैच में विराट टॉस जीते और पहले गेंदबाजी करने से भारत को फायदा हुआ। भारत के स्पिन गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में चार विकेट निकाले और तेज गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के चलते विपक्षी टीम को छोटे स्कोर पर रोका।
बाद में बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने आसान लक्ष्य था और दोनों ओपनिंग बल्लेबाजों ने ताबड़तोड़ पारियां खेली। दूसरी पारी में गेंद आसानी से बल्ले पर आ रही थी। इस वजह से रोहित और राहुल को बड़े शॉट खेलने में आसानी हुई और लोकेश राहुल ने इस टूर्नामेंट का सबसे तेज अर्धशतक जड़ दिया। इसी वजह से भारत आसानी से जीत गया।