गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बूते इंडिया ‘ए’ ने पहले गैर आधिकारिक टेस्ट मैच में मेजबान दक्षिण अफ्रीका ‘ए’ टीम को पारी और 13 रन से करारी शिकस्त दी।
भारत ने पहली पारी में 582 रन का विशाल स्कोर बनाया था। जवाब में दक्षिण अफ्रीकी टीम मैच के चौथे और आखिरी दिन पहली पारी में 357 रन पर सिमट गई और उसे फालोऑन खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा।
लेकिन दूसरी पारी खेलने उतरी दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों पर मीडियम पेसर मोहम्मद समी और ईश्वर पांडे का कहर बरपा। नतीजतन, दक्षिण अफ्रीकी टीम सिर्फ 212 रन पर ढेर हो गई।
ईश्वर पांडे और समी ने दूसरी पारी में तीन-तीन विकेट चटकाए। रोहित शर्मा ने भी दो विकेट अपने नाम किए। इस जीत से इंडिया ‘ए’ ने दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।
इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी नौ विकेट पर 312 रन से आगे बढ़ाई। कायले एबोट (नाबाद 33) और एंड्रयू बर्च (18) ने दसवें विकेट के लिए 45 रन जोड़े लेकिन टीम को फालोऑन से नहीं बचा सके।
दूसरी पारी में दक्षिण अफ्रीकी शीर्षक्रम एक बार फिर ध्वस्त हो गया और टीम ने 15 रन तक तीन विकेट गंवा दिए।
हालांकि टेंबा बावुमा ने 65 रन की पारी खेली लेकिन अन्य बल्लेबाजों की विफलता से टीम को हार का मुंह देखना पड़ा।