फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND W vs AUS W: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में सबसे बड़ा स्कोर बनाकर हारा भारत, नहीं चला फिरकी का जादू

Thu, 28 Dec 2023 10:59 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

सार

एलिस पेरी और फीबी लिचफील्ड ने अर्धशतकीय पारियां खेलकर ऑस्ट्रेलिया की जीत में अहम योगदान दिया। दोनों ने शतकीय साझेदारी की। कप्तान एलिसा हीली खाता खोले बिना आउट हुईं।
विज्ञापन
भारत महिला बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत और ऑस्ट्रेलिया की महिला टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला कंगारू टीम ने छह विकेज से जीत लिया। इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 283 रन का लक्ष्य रखा। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने चार विकेट खोकर 285 रन बना लिए और छह विकेट से मैच जीत लिया। ऑस्ट्रेलिया के लिए फीबी लिचफील्ड, तहलिया मैकग्राथ और एलिस पेरी ने अर्धशतक लगाए।
विज्ञापन


एलिस पेरी और फीबी लिचफील्ड ने अर्धशतकीय पारियां खेलकर ऑस्ट्रेलिया की जीत में अहम योगदान दिया। दोनों ने शतकीय साझेदारी की। कप्तान एलिसा हीली खाता खोले बिना आउट हुईं। पेरी 75 और फीबी 78 रन बनाकर आउट हुईं। बेथ मूनी 42 रन बनाकर आउट हुईं। तहलिया 68 और गार्डनर सात रन बनाकर नाबाद रहीं। भारत के लिए रेणुका ठाकुर, पूजा वस्त्राकर, स्नेह राणा और दीप्ति शर्मा ने एक-एक विकेट लिया।

पहली पारी में क्या हुआ?
जेमिमा रोड्रिग्स (82) और पूजा वस्त्राकर (नाबाद 62) के अर्धशतकों की मदद से भारतीय महिला टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे मैच में आठ विकेट पर 282 रन का स्कोर बनाया जो इस प्रतिद्वंद्वी टीम के खिलाफ उसका सर्वोच्च वनडे स्कोर भी है। भारत का वनडे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछला सर्वश्रेष्ठ स्कोर चार विकेट पर 281 रन था जो उसने 2017 में डर्बी में बनाया था।
विज्ञापन


भारत की शीर्ष क्रम की कोई भी बल्लेबाज अपनी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सकीं, लेकिन जेमिमा ने गर्मी और उमस से जूझते हुए 2023 में अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी और इस साल चार वनडे में अपना दूसरा अर्धशतक जड़ा जो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनका पहला पचासा भी है। दाएं हाथ की इस बल्लेबाज ने 77 गेंद में सात चौकों की मदद से वनडे में अपना दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी बनाया।

जेमिमा और पूजा की 68 रन की अहम साझेदारी
जेमिमा ने वानखेड़े स्टेडियम में कई साझेदारी बनाई और पूजा के साथ आठवें विकेट के लिए 68 रन की भागीदारी अहम रही जिसमें दोनों खिलाड़ियों ने तेजी से रन जुटाए। जेमिमा ने 54 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। लग रहा था कि वह शतक बना लेंगी लेकिन गार्डनर ने उन्हें आउट कर दिया।

पूजा ने मैदान के चारों ओर शॉट लगाए और अपना चौथा अर्धशतक जड़ा। इस दायें हाथ की बल्लेबाज ने महज 46 गेंद में सात चौके और दो छक्के से नाबाद 62 रन बनाए। भारत ने इस तरह अंतिम छह ओवरों में 56 रन जुटाए। पूजा ने 49वें ओवर में 39 गेंदों में अपना अर्धशतक लगाया। गार्डनर के इस ओवर में उन्होंने एक चौका और एक छक्का भी जड़ा। पारी का आखिरी ओवर कर रही मेगन स्कट के ओवर में पूजा ने चौका लगाया, लेकिन इस ओवर में पांच रन ही बन सके।

57 रन पर गिरे तीन विकेट
इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही जिसने तीसरे ही ओवर में शैफाली वर्मा (01) के रूप में पहला विकेट गंवा दिया जब डार्सी ब्राउन (1/33) ने उन्हें बोल्ड किया।

ऋचा घोष तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरी, उन्होंने अच्छी शुरुआत करते हुए चार चौके जड़कर 20 गेंद में 21 रन बनाए, लेकिन अनाबेल सदरलैंड (1/43) की गेंद को सही तरह से टाइम नहीं कर सकीं और मिड ऑफ पर तहलिया मैकग्रा को कैच देकर पवेलियन लौट गईं। भारत को कप्तान हरमनप्रीत कौर के रूप में एक और बड़ा झटका लगा जो 17 गेंद खेलकर नौ रन ही बना पाई थीं और गार्डनर की गेंद पर आउट हुईं। भारत के 57 रन पर तीन विकेट गिर चुके थे।

अर्धशतक से चूकीं यास्तिका
एक छोर पर लगातार विकेट गिर रहे थे और यास्तिका भाटिया (49 रन) दूसरे छोर पर बाउंड्री लगाकर अपने अर्धशतक के करीब पहुंची, लेकिन एक रन से चूक गईं। लेग स्पिनर जार्जिया वारेहैम (2/55) की फुल टॉस गेंद पर बड़ा शॉट लगाने की कोशिश में वह डीप स्क्वायर में मेगन को कैच देकर आउट हो गईं। यास्तिका ने 64 गेंद में सात चौकों से 49 रन बनाए। दीप्ति शर्मा (21 रन) और अमनजोत कौर (20 रन) ने शुरुआत की, लेकिन दोनों बड़ा स्कोर नहीं बना पाईं। रोड्रिग्स ने दीप्ति के साथ पांचवें विकेट के लिए 39 रन जोड़े और अमनजोत के साथ छठे विकेट के लिए 45 रन की भागीदारी की। मेगन शट ने आलराउंडर स्नेह राणा (01) को 38वें ओवर में आउट किया जिसके बाद जेमिमा और पूजा ने पारी संभाली।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें