सीआरपीएफ के नए प्रमुख अनीश दयाल सिंह और सीआईएसएफ की नई चीफ नीना सिंह (फाइल)
- फोटो : social media
भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के वरिष्ठ अधिकारियों को सीआरपीएफ और सीआईएसएफ का प्रमुख बनाया गया है। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) प्रमुख अनीश दयाल सिंह अब केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महानिदेशक होंगे। कार्मिक मंत्रालय की तरफ से जारी आदेश में गुरुवार को कहा गया, नीना सिंह को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) प्रमुख नियुक्त किया गया। कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने दोनों के सेवाकाल भी तय कर दिए हैं।
35 साल का सेवाकाल, 1988 बैच के आईपीएस
अनीश दयाल सिंह मणिपुर कैडर के 1988 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी हैं। मौजूदा सीआरपीएफ महानिदेशक एसएल थाओसेन 30 नवंबर को सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद से अनीश सीआरपीएफ महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे। कैबिनेट की नियुक्ति समिति के फैसले के अनुसार वह 31 दिसंबर, 2024 तक महानिदेशक का पद संभालेंगे। यह उनकी सेवानिवृत्ति की तारीख भी है।
CISF महानिदेशक नीना सिंह होंगी
सीआरपीएफ के महानिदेशक के अलावा सीआईएसएफ प्रमुख की नियुक्ति को भी मंजूरी दी गई है। नीना सिंह को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) का महानिदेशक नियुक्त किया गया है। राजस्थान कैडर की 1989 बैच की आईपीएस अधिकारी नीना सिंह वर्तमान में सीआईएसएफ में विशेष महानिदेशक के पद पर कार्यरत हैं। कार्मिक मंत्रालय के आदेश में कहा गया है कि उन्हें 31 जुलाई, 2024 तक, यानी उनकी सेवानिवृत्ति तक इस पद पर नियुक्त किया गया है।
अग्निशमन विभाग में भी महानिदेशक की नियुक्ति
गुजरात कैडर के 1989 बैच के आईपीएस अधिकारी विवेक श्रीवास्तव को अग्निशमन सेवा, नागरिक सुरक्षा और होम गार्ड महानिदेशक बनाया गया है। नियुक्ति आदेश में कहा गया है कि उन्हें 30 जून, 2025 यानी उनकी सेवानिवृत्ति की तारीख तक इस पद पर नियुक्त किया गया है। श्रीवास्तव वर्तमान में खुफिया विभाग (आईबी) में विशेष निदेशक हैं।
राहुल रसगोत्रा नए आईटीबीपी प्रमुख होंगे
वर्तमान में इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) में विशेष निदेशक राहुल रसगोत्रा नए भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) प्रमुख होंगे। कार्मिक विभाग की तरफ से जारी नियुक्ति आदेश में कहा गया, मणिपुर कैडर के 1989 बैच के आईपीएस अधिकारी रसगोत्रा को उनकी सेवानिवृत्ति की तारीख यानी 30 सितंबर, 2025 तक इस पद पर नियुक्त किया गया है।