भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला वनडे मैच।
- फोटो : अमर उजाला।
हरमनप्रीत कौर की टीम मंगलवार को तीसरे और अंतिम वनडे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सम्मान की लड़ाई लड़ने उतरेगी। भारतीय टीम पहले दो मैच हारकर 0-2 से पिछड़ी है और सीरीज गंवा चुकी है, लेकिन तीसरे वनडे में उसके सामने भारतीय धरती पर ऑस्ट्रेलिया से लगातार नौ मैच हारने का क्रम तोड़ने की चुनौती होगी। भारतीय टीम अंतिम बार 16 साल पहले 2007 में ऑस्ट्रेलिया से घर में वनडे जीती थी।
ऑस्ट्रेलिया पर एकमात्र टेस्ट मैच में एकतरफा जीत हासिल करने के बाद लगा था कि वनडे में भारतीय टीम कुछ करिश्मा करेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। पहले वनडे में उसे 282 रन का अपना सबसे बड़ा स्कोर बनाने के बावजूद हार मिली और दूसरे वनडे में उसे सात कैच छोड़ने का खामियाजा तीन रन से हार के रूप में भुगतना पड़ा। पहले दोनों वनडे का सकारात्मक पक्ष जेमिमा रोड्रिग्स की 82, 44 और ऋचा घोष की 113 गेंद में खेली गई 96 रन की पारियां रहीं। ऋचा ने अपने प्रदर्शन से यह बता दिया है कि वह नंबर तीन पर कोच अमोल मजूमदार योजनाओं का बड़ा हिस्सा हैं।
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला वनडे मैच।
- फोटो : BCCI
हरमप्रीत की फॉर्म बनी चिंता
भारतीय टीम की चिंता का बड़ा विषय कप्तान हरमनप्रीत कौर की फॉर्म है। वह सभी प्रारूपों की पिछली आठ पारियों में तीन बार ही दोहरे अंकों में पहुंच सकी हैं। इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में बनाए गए 49 रन उनका सर्वाधिक स्कोर है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट में वह एकमात्र पारी में खाता भी नहीं खोल पाई थीं, जबकि वनडे में उन्होंने नौ और पांच रन ही बनाए। इस सीरीज के बाद ऑस्ट्रेलिया के साथ टी-20 सीरीज होनी है। इसके लिए हरमनप्रीत कौर का फॉर्म में आना जरूरी है।
क्षेत्ररक्षण पर ध्यान देने की जरूरत
महिला टीम की सबसे कमजोर कड़ी उसका क्षेत्ररक्षण रहा है। दूसरे वनडे में सात कैच छोड़े जाने के बाद अमोल मजूमदार ने स्वीकार किया था कि इस दिशा में टीम के साथ और अधिक काम करने की जरूरत है। वहीं ,मजूमदार ने साफ किया है कि स्नेह राणा तीसरे वनडे के लिए उपलब्ध रहेंगी। दूसरे वनडे में वह पूजा वस्त्राकर से टकरा गई थीं। उनके सिर में चोट आई है। मैच में कनक्शन सब्स्टीट्यूट के रूप में हरलीन देओल उतरी थीं।
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला वनडे मैच।
- फोटो : सोशल मीडिया
दीप्ति बोलीं- हार का क्रम तोड़ने की कोशिश करेंगे
दूसरे मैच में 38 रन पर पांच विकेट लेने वाली दीप्ति शर्मा का कहना है कि बतौर टीम प्रदर्शन पहले से बेहतर हुआ है। हम ऑस्ट्रेलिया का घर में चला आ रहा लगातार जीत का सिलसिला तोड़ने की कोशिश करेंगे। 36 गेंद में 24 रन बनाने के चलते दीप्ति दूसरे वनडे में जीत नहीं दिला पाई थीं। उन्होंने कहा कि वह अपना बल्लेबाजी का स्ट्राइक रेट भी सुधारने की कोशिश कर रही हैं।
हीली नहीं बना पाई हैं बड़ा स्कोर
वहीं, दो जीत हासिल करने के बाद एलीसा हीली की कप्तानी में खेल रही ऑस्ट्रेलिया के हौसले बुलंद हैं। हीली दोनों मैचों में दोहरे अंकों तक पहुंची, लेकिन बड़ा स्कोर बनाने में कामयाब नहीं रहीं। वहीं, दूसरे वनडे में स्लिप और लांग ऑफ पर टीम ने दो बेहद आसान कैच छोड़े। ये दोनों कैच ऋचा घोष के थे।
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला वनडे मैच।
- फोटो : BCCI
हेड टू हेड रिकॉर्ड
दोनों टीमों के बीच अब तक 52 वनडे मैच खेले गए हैं। भारत को सिर्फ 10 मुकाबलों में ही जीती मिली है। ऑस्ट्रेलिया ने 42 मैच अपने नाम किए हैं। भारतीय महिला टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू मैदान पर 23 वनडे मैच खेली है। चार में ही उसे जीत मिली। 19 में हार का सामना करना पड़ा।
दोनों टीमें इस प्रकार हैं:
भारत: यास्तिका भाटिया, स्मृति मंधाना, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), दीप्ति शर्मा, अमनजोत कौर, पूजा वस्त्राकर, हरलीन देयोल, श्रेयंका पाटिल, स्नेह राणा, रेणुका ठाकुर सिंह, शेफाली वर्मा, सायका इशाक, तितास साधु, मन्नत कश्यप।
ऑस्ट्रेलिया: फीबी लिचफील्ड, एलिसा हीली (विकेटकीपर/कप्तान), एलिस पेरी, बेथ मूनी, ताहलिया मैक्ग्रा, एश्ले गार्डनर, एनाबेल सदरलैंड, जॉर्जिया वेयरहैम, एलाना किंग, किम गर्थ, डार्सी ब्राउन, मेगन शट्ट, जेस जोनासेन, हीथर ग्राहम।