भारत और श्रीलंका के बीच गुरुवार से टी-20 सीरीज की शुरुआत हो रही है। पहला मैच कल लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा। इससे पहले श्रीलंकाई टीम को झटका लगा है। मिस्ट्री स्पिनर वनिन्दु हसरंगा टी-20 सीरीज से बाहर हो गए हैं। वह अब तक ऑस्ट्रेलिया से वापस लौट ही नहीं सके हैं।
ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर संक्रमित पाए गए हसरंगा
दरअसल, श्रीलंकाई टीम इस महीने पांच मैचों की टी-20 सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर गई थी। इसी सीरीज के बीच में हसरंगा कोरोना संक्रमित पाए गए थे। इस वजह से वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैच भी नहीं खेल पाए थे। हसरंगा को तुरंत कैनबरा से मेलबर्न में आइसोलेट किया गया था। श्रीलंका के बाकी खिलाड़ी सीरीज के बाद वापस लौट आए, लेकिन हसरंगा मेलबर्न में ही रह गए।
मंगलवार को फिर कोरोना संक्रमित मिले हसरंगा
ऑस्ट्रेलिया से बाहर निकलने के लिए हसरंगा को निगेटिव रिपोर्ट लानी थी, लेकिन मंगलवार को टेस्ट के बाद एकबार फिर उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। हसरंगा पहली बार 15 फरवरी को संक्रमित मिले थे।
हसरंगा का नहीं होना श्रीलंका के लिए झटका
हसरंगा के नहीं होने से श्रीलंका को झटका लगा है। ऐसा इसलिए क्योंकि 2021 में पिछली बार जब भारत और श्रीलंका की टीम भिड़ी थी, तो हसरंगा ने 2-1 से जीत में अहम किरदार निभाया था और प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे थे। उन्होंने तीन मैचों में कुल कुल सात विकेट झटके थे। हसरंगा को इस साल आईपीएल ऑक्शन में भी रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 10.75 करोड़ रुपये में खरीदा है।
भारत और श्रीलंका सीरीज का शेड्यूल
श्रीलंकाई टीम भारत के दौरे पर तीन टी-20 और दो टेस्ट मैच खेलेगी। पहला टी-20 मुकाबला लखनऊ में 24 फरवरी को खेला जाएगा। इसके बाद धर्मशाला में 26 और 27 फरवरी को दो टी-20 मैच खेले जाएंगे। टेस्ट सीरीज की शुरुआत मोहाली में होगी। पहला मुकाबला चार मार्च से आठ मार्च तक खेला जाएगा। इसके बाद बेंगलुरु में दूसरा और अंतिम टेस्ट 12 से 16 मार्च तक आयोजित होगा।
टी-20 सीरीज के लिए श्रीलंका की टीम: दासुन शनाका (कप्तान), पथुम निसांका, कुसल मेंडिस, चरिथ असलंका, दिनेश चांदीमल, दनुष्का गुणाथिलाका, कामिल मिशारा, जनीथ लियानागे, चमिका करुणारत्ने, दुष्मंथा चमीरा, लाहिरू कुमारा, बिनुरा फर्नांडो, माहीश फर्नांडो थीक्षाना, जेफरी वेंडरसे, प्रवीण जयविक्रमा, आशियान डेनियल