आईसीसी टी-20 विश्व कप में भारत और न्यूजीलैंड के बीच 31 अक्तूबर को मैच खेला जाएगा। इस मुकाबले को लेकर न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज एडम मिल्ने ने बया दिया है। उनका कहना है कि वह भारत के खिलाफ खेले जाने वाले मैच का अधिक इंतजार नहीं कर सकते। लॉकी फर्ग्यूसन के चोटिल होने के बाद मिल्ने को न्यूजीलैंड की टीम में जगह दी गई है। मिल्ने, जिन्होंने इंग्लैंड में खेले गए द हंड्रेड टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया था और आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए जो भी अवसर मिले उनमें उन्होंने प्रभावित किया। मिल्ने का मानना है कि क्रिकेट में उनका बेहतरीन दौर विश्व कप में बदलाव ला सकता है।
भारतीय शीर्ष क्रम को परेशान करने की तमन्ना
एडम मिल्ने ने एक बयान में कहा, मुझे निश्चित रूप से लगता है कि यह मेरा सबसे अच्छा दौर रहा है, मैं विश्व कप मैच में अपनी गेंदों के जरिए अंतर करने के लिए उत्साहित हुं और वास्तव में इसे साबित करना चाहता हूं, क्रिकेट का यह समय मेरे लिए प्रभावशाली रहा है। उन्होंने आगे कहा, वह अधिक तेज गेंदबाजी कर पाकिस्तान के शाहीन शाह अफरीदी की तरह भारतीय शीर्ष क्रम को परेशान करने की उम्मीद कर रहे हैं। वह भारत के टॉप आर्डर को ध्वस्त करना चाहते हैं।
150 की रफ्तार से करते हैं गेंदबाजी
दाहिने हाथ के लंबे कद काठी वाले तेज गेंदबाज एडम मिल्ने अक्सर 150 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से गेंदबाजी करते हैं। मिल्ने पहले न्यूजीलैंड की टीम में शामिल नहीं थे, लेकिन फर्ग्यूसन के चोटिल होने के बाद उन्हें टीम में जगह दी गई। न्यूजीलैंड उन्हें पाकिस्तान के खिलाफ खेले जाने वाले मैच में शामिल करना चाहता था। लेकिन आईसीसी की टेक्निकल कमेटी ने उन्हें पाकिस्तान के खिलाफ खेलने की अनुमति नहीं दी।
चोट से रहे हैं परेशान
बीते कुछ वर्षों से एडम मिल्ने चोटों से परेशान रहे हैं। लेकिन न्यूजीलैंड की 15 सदस्यीय टीम में उनके मौका न देना हैरान कर देने वाला फैसला था। इससे पहले वह ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाली बिग बैश लीग, द हंड्रेड टूर्नामेंट और इंडियन प्रीमियर लीग में बेहतर प्रदर्शन कर चुके थे। 29 वर्षीय गेंदबाज ने कहा, मुझे लगता है कि अगर आप आईपीएल में तेज गेंदबाजों पर ध्यान दें तो जो बॉलर असमान उछाल पैदा करने में सक्षम रहे उन्होंने बल्लेबाजों के लिए कुछ समस्याएं पैदा की थीं।