शोएब अख्तर और शाहिद अफरीदी ने टीम इंडिया की तारीफ की है
- फोटो : सोशल मीडिया
भारत ने रविवार को लखनऊ के इकाना में कम स्कोर वाले मैच में इंग्लैंड को 100 रन से हराकर विश्व कप में अजेय रहने का गौरव हासिल किया। इस जीत के साथ, रोहित शर्मा और कंपनी अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है। उनके पास 12 अंक हैं और +1.405 का नेट रन रेट है। इकाना क्रिकेट स्टेडियम में जीत के लिए 230 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम 34.5 ओवर 129 रन पर ढेर हो गई और उसे छह मैचों में पांचवीं हार का सामना करना पड़ा। भारत ने अब तक छह मैच जीते हैं और उसका सेमीफाइनल में पहुंचना लगभग तय हो गया है।
अफरीदी ने कही यह बात
भारत की जीत पर पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने टीम और उसके खिलाड़ियों की सराहना की है। उन्होंने कहा, 'भारतीय टीम मजबूत दिख रही है और जब चीजें चरमराती हैं तब भी वे जानते हैं कि अपने मजबूत पक्षों पर कैसे ध्यान देना है। सबसे बड़े स्तर पर छह में से छह मैच जीतना घरेलू परिस्थितियों से ऊपर और परे है। यह शारीरिक मेहनत और मानसिक मजबूती का प्रमाण है। भारत इन्हीं कारणों से पसंदीदा है।
अख्तर ने इंग्लैंड पर साधा निशाना
शोएब अख्तर ने इंग्लैंड की हार पर बयान दिया
- फोटो : सोशल मीडिया
वहीं, पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज और 'रावलपिंडी एक्स्प्रेस' के नाम से मशहूर शोएब अख्तर ने भी टीम इंडिया की तारीफ की है। साथ ही उन्होंने इंग्लैंड की टीम और बैजबॉल क्रिकेट पर निशाना साधा है। उन्होंने इंग्लैंड के दृष्टिकोण की आलोचना करते हुए कहा कि वे टी20 क्रिकेट स्टाइल को वनडे फॉर्मेट में शामिल करने की कोशिश कर रहे थे, जो कि एक गंभीर गलती थी।
इंग्लैंड के बाहर होने पर दुखी हैं अख्तर
अख्तर ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, 'भारत ने इंग्लैंड को बहुत बुरी तरह हराया है। इंग्लैंड बुरी तरह हार गया क्योंकि वे ऐसा क्रिकेट खेल रहे हैं जहां वे टी20 क्रिकेट को वनडे में ला रहे हैं। इस बारे में कोई योजना नहीं है कि कौन पारी को आगे बढ़ाएगा, कौन स्ट्राइक रोटेट करेगा, कौन सिंगल लेगा या कौन रन बनाएगा।' अख्तर ने विश्व कप से इंग्लैंड के बाहर होने पर भी दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा, 'मैं इंग्लैंड को विश्व कप से बाहर होते देखकर बहुत दुखी हूं। टेस्ट मैचों में बैजबॉल ठीक है, लेकिन आपको वनडे की तरह वनडे खेलना होता है।
बैजबॉल क्या है?
विश्व कप में इंग्लैंड का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है
- फोटो : सोशल मीडिया
बैजबॉल क्रिकेट इंग्लैंड के टेस्ट कोच ब्रैंडन मैकुलम के नाम पर है। मैकुलम जबसे इंग्लिश टीम के टेस्ट कोच बने हैं, उन्होंने इस टीम में एक नई ऊर्जा भरी थी और इससे टीम टेस्ट में चौथी पारी में कोई भी बड़ा स्कोर हासिल करने में कामयाब हो रही थी। उन्होंने यही स्टाइल अपनाते हुए विश्व कप से पहले वनडे में भी बड़े-बड़े स्कोर बनाए, लेकिन इस टूर्नामेंट में उनका यह स्टाइल काम नहीं आ सका। भारत अब गुरुवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में श्रीलंका से भिड़ेगा। अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर चल रही इंग्लैंड की टीम शनिवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगी।