2-1 की बढ़त के साथ मैनचेस्टर पहुंची टीम इंडिया
भारतीय क्रिकेट टीम 2-1 की बढ़त के साथ मैनचेस्टर पहुंची थी। ओल्ड टैफर्ड में खेला जाने वाला मैच दोनों टीमों के लिए अहम था। इस मुकाबले को अगर इंग्लैंड जीतता तो वह सीरीज में 2-2 की बराबरी पर आ जाता। अगर वहीं टीम इंडिया जीतती तो भारत 3-1 के अंतर से सीरीज जीत जाता। वैसे अगर यह मुकाबला ड्रॉ भी हो जाता तब भी भारत 2-1 से सीरीज जीतने में सफल रहता। लेकिन ऐसा हो न सका।
31 मई 2021
इस दिन कप्तान विराट कोहली और मुख्य कोच रवि शास्त्री सहित भारत के प्रमुख क्रिकेटर अपने सहयोगी स्टाफ के सदस्यों के साथ लंदन में पुस्तक लॉन्च कार्यक्रम में शामिल हुए। यह शास्त्री की किताब थी जिसका नाम था स्टारगेजिंग द प्लेयर्स इन माई लाइफ। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह भीड़भाड़ वाला कार्यक्रम था। इसके बाद 5 सिंतबर 2021 को टीम के मुख्य कोच शास्त्री का रैपिड एंटीजन टेस्ट कराया गया जिसमें वह कोरोना संक्रमित निकले।
6 सितंबर 2021
रवि शास्त्री का 6 सितंबर 2021 को आरटी-पीसीआर टेस्ट कराया गया जिसमें उकने कोरोना संक्रमति होने की पुष्टि हुई। उनके संपर्क में आए गेंदबाजी कोच भरत अरुण, फील्डिंग कोच आर श्रीधर और फीजियो नितिन पटेल को आइसोलेट किया गया। जिसके बाद अरुण और श्रीधर कोविड-19 संक्रमित पाए गए। जिसके चलते इन चारों को मैनचेस्टर टेस्ट के लिए टीम इंडिया के साथ नहीं ले जाया गया। जिसके बाद अटकलें तेज हो गईं कि क्या इस आयोजन में शामिल होने वाले भारत के क्रिकेटर भी संभावित रूप से संक्रमित हो सकते हैं।
7 सितंबर 2021
खबर आई की रवि शास्त्री ओर विराट कोहली के भीड़ृ भरे कार्यक्रम में शामिल होने से बीसीसीआई काफी नाराज है। रिपोर्ट के मुताबिक इन दोनों ने जाने के लिए बोर्ड से अनुमित भी नहीं ली थी। जिसके चलते बोर्ड शास्त्री और विराट से इस मामले पर स्पष्टीकरण मांग सकता है।
8 सितंबर 2021
भारत और इंग्लैंड के बीच ओल्ड ट्रैफर्ड टेस्ट मैच शुरू होने के दो दिन पहले टीम इंडिया के सहायक फीजियो योगेश परमार कोविड-19 संक्रमित हो गए। जिसके बाद अफवाहें तेज होने लगीं कि क्या मैनचेस्टर टेस्ट रद्द किया जा सकता है। क्योंकि योगेश के संपर्क में भारत के कई खिलाड़ी आए थे जिनमें रवींद्र जडेजा और रोहित शर्मा प्रमुख हैं।
9 सितंबर 2021
इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने इस बात को लेकर विस्तृत चर्चा की क्या मैनचेस्टर टेस्ट को रद्द कर दिया जाना चाहिए। क्योंकि बीसीसीआई कथिततौर पर मैच के दौरान कोरोना संक्रमण के संभावित पॉजिटिव मामले आने पर मैच को आगे बढ़ाने के लिए तैयार नहीं है। एक रिपोर्ट के मुताबिक कहा गया कि ईसीबी चाहता है कि अगर भारत टेस्ट मैच में उतरने के लिए असमर्थ है तो मैच को रद्द कर दे। लेकिन बीसीसीआई इससे सहमत नहीं था। 9 सितंबर को भारत का अभ्यास सत्र और मीडिया से बातचीत रद्द कर दी गई। इस दौरान सभी भारतीय खिलाड़ियों का कोरोना टेस्ट हुआ और सबकी रिपोर्ट निगेटिव आई। जिसके बाद कहा गया कि मैच अपने तय समय के अनुसार होगा।
10 सितंबर 2021
10 सितंबर को सुबह पता चलता है कि पांचवें टेस्ट की शुरुआत में देरी हो सकती है क्योंकि पहले दिन का खेल रद्द कर दिया गया है। ऐसी भी खबरें आईं कि खुद भारतीय खिलाड़ियों को इस बारे में जानकारी नहीं है कि मैच होगा या नहीं। ईसीबी टॉस के कुछ घंटे पहले पहले बयान जारी करता है जिसमें लिखा, कोविड-19 मामलों की संख्या में और वृद्धि की आशंका के कारण भारत अपनी टीम को मैदान में उतारने में असमर्थ है, इसलिए पांचवें टेस्ट मैच को रद्द घोषित किया जाता है।