अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी चोट से उबर गए हैं और इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में शुक्रवार से शुरू होने वाले पांचवें टेस्ट मैच में खेलने के लिए तैयार हैं। शमी और इशांत शर्मा को हल्की चोटों के कारण ओवल टेस्ट में विश्राम दिया गया था। पता चला है कि शमी ने बुधवार को टीम के अभ्यास सत्र में भाग लिया। बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि शमी फिट हैं तो वे खुद ही पसंद हो जाते हैं।
शमी के फिट होने से कप्तान विराट कोहली और एकमात्र उपलब्ध कोच विक्रम राठौड़ को पांचवें मैच से पहले विकल्पों पर विचार करने में मदद मिलेगी। सीनियर बल्लेबाज रोहित शर्मा (घुटने की चोट) और चेतेश्वर पुजारा (टखने की चोट) अब भी चिकित्सा टीम की निगरानी में हैं। रोहित की चोट में तेजी से सुधार हो रहा है और उनके खेलने की पूरी संभावना है लेकिन चिकित्सा टीम से हरी झंडी मिलने के बाद ही निर्णय किया जाएगा।
यदि रोहित सही समय पर फिट नहीं हो पाते हैं तो मयंक अग्रवाल, अभिमन्यु ईश्वरन और पृथ्वी शॉ में से किसी एक को मौका दिया जाएगा। पुजारा की अनुपस्थिति में हनुमा विहारी और सूर्यकुमार यादव में किसी को अंतिम एकादश में जगह मिल सकती है।