एजबेस्टन टेस्ट में इंग्लैंड की टीम जीत की दहलीज पर पहुंच चुकी है। मैच के आखिरी दिन जीत के लिए इंग्लैंड को 119 रन की जरूरत है। वहीं, भारत को यह मुकाबला अपने नाम करने के लिए सात विकेट चटकाने होंगे। भारत के लिए सबसे बड़ी समस्या जो रूट और जॉनी बेयरस्टो की जोड़ी है। ये दोनों 150 रन की साझेदारी कर चुके हैं और क्रीज पर जमे हुए हैं। इस जोड़ी को तोड़कर भारत मैच में वापसी कर सकता है। अगर इंग्लैंड की टीम यह मैच जीत जाती है तो एक साथ कई रिकॉर्ड टूट जाएंगे।
यह मैच हारने पर भारत सीरीज जीतने का मौका भी गंवा देगा। फिलहाल पांच मैचों की सीरीज में भारतीय टीम 2-1 से आगे है। भारत के यह मैच हारने पर सीरीज 2-2 की बराबरी पर छूट जाएगी। भारत ने आखिरी बार 2007 में इंग्लैंड में कोई टेस्ट सीरीज जीती थी। ऐसे में भारत के पास 15 साल बाद इंग्लैंड की जमीन पर टेस्ट सीरीज जीतने का मौका है, लेकिन इसके लिए टीम इंडिया को आखिरी टेस्ट भी जीतना होगा। अभी मैच में पूरे दिन का खेल बचा है। ऐसे में इस मैच के ड्रॉ होने की संभावना न के बराबर है।