भारत और इंग्लैंड के बीच चेन्नई में शुरू हुई चार मैचों की टेस्ट सीरीज अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गई है। अब तक खेले गए तीन टेस्ट मैचों में भारत 2-1 से आगे है और आखिरी मैच जीतकर सीरीज अपने नाम करना चाहेगा। वहीं विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने के लिहाज से भी भारत के लिए आखिरी टेस्ट बेहद अहम है। उसे किसी भी तरह से मैच बचाना होगा, यानी जीत या ड्रॉ से कम कुछ भी नहीं। उधर इंग्लैंड की टीम भले ही टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल की दौड़ से बाहर हो गई है बावजूद इसके उसके पास मैच जीतकर सीरीज को ड्रॉ कराने और भारत का खेल खराब करने का मौका होगा। ऐसे में सीरीज का आखिरी मैच दोनों ही टीमों के लिए महत्वपूर्ण होगा और इसके लिए एक रोमांचक जंग जरूर देखने को मिलेगी।