भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैच की सीरीज 25 जनवरी से शुरू हो रही है। भारत की मेजबानी में होने वाली इस सीरीज का पहला मुकाबला राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा। इंग्लैंड बहुचर्चित 'बैजबॉल' अंदाज भारत की स्पिन गेंदबाजों के लिए अनुकूल पिचों पर कितना कारगर होगा। यह जानने के लिए सभी फैंस और क्रिकेट पंडित उत्सुक हैं। इसी वजह से यह सीरीज काफी चर्चा में है।
भारत दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विदेशी धरती पर टेस्ट सीरीज 1-1 से ड्रा कराने और इसके बाद अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज में क्लीन स्वीप करने के बाद इस सीरीज में उतर रहा है। इंग्लैंड की टीम छह महीने के अंतराल के बाद टेस्ट सीरीज खेल रही है, उनकी आखिरी सीरीज ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एशेज 2023 थी, जहां उन्होंने 2-2 से ड्रा खेला था।
भारतीय टीम ने घरेलू टेस्ट सीरीज में अपना दबदबा बनाए रखा है और घरेलू मैदान पर भारत के शानदार रिकॉर्ड के कारण इसे विपक्षी टीमों के लिए सबसे कठिन दौरे वाले देशों में से एक माना जा रहा है। एलिस्टर कुक की अगुवाई वाली इंग्लैंड की टीम 2012 में भारत में टेस्ट सीरीज जीतने वाली आखिरी टीम थी। इसके बाद से, भारत घर पर टेस्ट सीरीज में अजेय रहा है। इंग्लैंड ने 2016 और 2021 में भारत का दौरा किया और क्रमशः 4-0 और 3-1 से सीरीज हारा। हालांकि, कप्तान बेन स्टोक्स और मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम के नेतृत्व में इंग्लैंड की टीम भारत में अपने बिगड़ते रिकॉर्ड को सुधारने की कोशिश करेगी।
भारतीय टीम को पहले दो टेस्ट मैचों में स्टार बल्लेबाज विराट कोहली की सेवाएं नहीं मिलेंगी। इंग्लैंड के लिए, उनके स्टार-बल्लेबाज हैरी ब्रूक नहीं खेलेंगे। वह व्यक्तिगत कारणों से बाहर हो गए हैं। अनकैप्ड स्पिनर शोएब बसीर वीजा संबंधी समस्या के कारण पहला टेस्ट मैच नहीं खेलेंगे।
भारत में ठंड के मौसम में जमकर कोहरा गिर रहा है। कई जगहों पर बारिश भी हुई है। कोहरे के कारण खिलाड़ियों को गेंद देखने में भी परेशानी हुई और रणजी ट्रॉफी के कई मैच इस वजह से प्रभावित हुए। ऐसे में फैंस को डर है कि कहीं कोहरे की वजह से यह मैच भी प्रभावित न हो। फैंस के लिए अच्छी बात यह है कि हैदराबाद में ऐसी कोई परेशानी नहीं है।
पहले टेस्ट के दौरान कैसा रहेगा हैदराबाद का मौसम
हैदराबाद में टेस्ट मैच 25-29 जनवरी के बीच खेला जाना है। 25 जनवरी, गुरुवार से 29 जनवरी, सोमवार तक मौसम का पूर्वानुमान मैच के लिए आदर्श स्थिति के संकेत देता है। इस दौरान अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहेगा। मैच के दौरान बारिश के कोई आसार नहीं है, पांचों दिन तेज धूप खिली रहेगी। पांच दिवसीय मैच के लिए यह सुखद स्थिति होगी। इसलिए, पहले टेस्ट मैच के सभी पांच दिनों के दौरान मौसम के खराब होने की उम्मीद नहीं है।