कनाडा की टीम के साथ राहुल द्रविड़
- फोटो : ICC/T20 World Cup
भारत और कनाडा के बीच खेला जाने वाला टी20 विश्व कप 2024 का 33वां मैच बारिश की वजह से बिना एक भी गेंद फेंके रद्द हो गया। अब भारतीय टीम सुपर-8 में अफगानिस्तान से भिड़ेगी। यह मैच 20 जून को खेला जाएगा। शनिवार को मुकाबला रद्द होने के बाद भारतीय टीम ने कनाडा की टीम से मुलाकात की। वहीं, मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने कनाडा के खिलाड़ियों को खास सलाह दी।
भारत बनाम कनाडा मैच रद्द
शनिवार को भारत और कनाडा के बीच फ्लोरिडा में होने वाला मुकाबला एक भी गेंद फेंके बिना रद्द घोषित कर दिया है। इस मुकाबले में टॉस भी नहीं हो सका और अंपायर ने दो बार मैदान का निरीक्षण करने के बाद मुकाबले को रद्द करने का फैसला किया। फ्लोरिडा में मैच से पहले काफी बारिश हुई थी जिस कारण मैदान गीला था। मैदानकर्मियों ने मैदान को सुखाने की काफी कोशिश की, लेकिन उनके प्रयास सफल नहीं हो सके। मौजूदा टी20 में यह चौथा मुकाबला जो बारिश की भेंट चढ़ गया।
कनाडा के ड्रेसिंग रूम में पहुंचे द्रविड़
भारत बनाम कनाडा मैच रद्द होने के बाद टीम इंडिया के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ विरोधी टीम के ड्रेसिंग रूम में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सभी खिलाड़ियों से मुलाकात की और उन्हें शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। इसका वीडियो आईसीसी ने साझा किया। इसमें देखा जा सकता है कि कनाडा की टीम ने पूर्व खिलाड़ी को साइन की हुई जर्सी भेंट की। द्रविड़ ने कहा, "मैं इस टूर्नामेंट में आप लोगों द्वारा दिए गए शानदार योगदान और प्रदर्शन की सराहना करता हूं। मुझे लगता है कि हम सभी जानते हैं कि इस खेल को खेलने के लिए आपको किन संघर्षों और चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। यह आसान नहीं है। मैं बस इतना ही कहूंगा कि इसे आगे बढ़ाते रहें। आप लोग प्रेरणा दे रहे हैं, न केवल अन्य लोगों को बल्कि मुझे यकीन है कि आप अपने देशों में युवा लड़कों और लड़कियों को भी प्रेरित कर रहे हैं।"
कनाडा के खिलाफ खेले गए समय को याद किया
इस दौरान द्रविड़ ने स्कॉटलैंड के खिलाफ खेले गए अपने समय को याद किया। उन्होंने पुरानी यादों को ताजा करते हुए कहा, "मैं समझता हूं कि चूंकि मैं स्कॉटलैंड में एक क्रिकेटर के रूप में खेल चुका हूं, काफी पहले, मुझे लगता है कि 2003 में, इसलिए मैं जानता हूं कि एक एसोसिएट देश के लिए संघर्ष कैसा होता है।"