ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में यशस्वी जायसवाल, ईशान किशन और ऋतुराज गायकवाड़ ने अर्धशतक लगाए। तीनों बल्लेबाजों ने मिलकर एक खास रिकॉर्ड बना दिया।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच टी20 मैच की सीरीज के दूसरे मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 235 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। इससे गेंदबाजों का काम आसान हो गया। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम 191 रन ही बना सकी और 44 रन से मैच हार गई। यह मैच जीतकर भारतीय टीम ने सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली। इसके साथ ही यशस्वी जायसवाल, ईशान किशन और ऋतुराज गायकवाड़ की तिकड़ी ने एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया, जो पहले कोई नहीं कर पाया था।
विज्ञापन
यशस्वी जायसवाल ने तूफानी शुरुआत करते हुए 25 गेंद में 53 रन बनाए, जिसमें नौ चौके और दो छक्के शामिल थे। इसके बाद ईशान किशन 32 गेंद में 52 रन बनाकर आउट हुए। किशन ने तीन चौके और चार छक्के लगाए। अंत में ऋतुराज गायकवाड़ 43 गेंद में 58 रन की पारी खेलने के बाद आउट हुए। उन्होंने दो छक्के और तीन चौके लगाए। यह टी20 क्रिकेट के इतिहास में पहला मौका था, जब भारत के शुरुआती तीन बल्लेबाजों ने अर्धशतक लगाए। टी20 क्रिकेट में इससे पहले चार मुकाबलों में ऐसा हुआ था, जब किसी टीम के शुरुआती तीन बल्लेबाजों ने अर्धशतक लगाए थे, लेकिन एक भी मौके पर भारत इसमें शामिल नहीं था।
भारत के लिए विराट कोहली, रोहित शर्मा और लोकेश राहुल की तिकड़ी ने कई रिकॉर्ड बनाए हैं। ये तीनों टी20 में शुरुआती तीन स्थान पर ही बल्लेबाजी करते थे, लेकिन कभी भी ये दिग्गज एक साथ अर्धशतक नहीं लगा सके। भारत की युवा टी20 टीम शानदार प्रदर्शन कर रही है। पहले मैच में भी भारत ने 200 रन से ज्यादा के लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत हासिल की थी।