ओपनर स्मृति मंधाना (नाबाद 106) की मदद से भारतीय टीम ने महिला विश्व कप में वेस्ट इंडीज को सात विकेट से पराजित कर अपनी दूसरी जीत दर्ज की। पहले मैच में भारत ने मेजबान इंग्लैंड को हराया था। उस मैच में स्मृति ने 90 रन की पारी खेली थी।
भारतीय स्पिन तिकड़ी पूनम यादव (2/19), दीप्ति शर्मा (2/27) और ऑफ स्पिनर हरमनप्रीत कौर (2/42) की मदद से भारत ने वेस्टइंडीज को 8 विकेट पर 183 रन तक सीमित कर दिया था। भारतीय महिलाओं ने 45 गेंदें शेष रहते 42.3 ओवरों में तीन विकेट पर 186 रन बनाकर जीत हासिल कर ली। भारत ने 33 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे। स्मृति मंधाना और कप्तान मिताली राज (46) के बीच तीसरे विकेट पर 108 रन की साझेदारी हुई। मिताली थोड़ी दुर्भाग्यशाली रहीं जो लगातार आठवीं अर्द्धशतकीय पारी से महज चार रन से वंचित रह गईं।
महंगी पड़ी झूलन की गेंदबाजी
पूनम यादव और सुषमा वर्मा
- फोटो : ESPN
भारतीय कप्तान मिताली राज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। वेस्टइंडीज ने शुरुआत अच्छी की थी जब 19 वें ओवर में उसका स्कोर एक विकेट पर 69 रन था लेकिन उसके बाद मौजूदा टी-20 विश्व चैंपियन 91 रन पर छह विकेट गंवाकर संघर्ष पर विवश हो गई। ओपनर हेली मैथ्यू ने सर्वाधिक 43 रन बनाए।
निचले क्रम में शेनल डेले (33) और एफी फ्लेचर (36) ने कुछ जज्बा दिखाया जिससे टीम 180 का आंकड़ा पार करने में सफल रही। फ्लेचर ने अनीसा मोहम्मद (11) के साथ 37 रन जोड़े। भारत की ओर से एकता बिष्ट ने भी 23 रन देकर एक विकेट लिया। आमतौर पर किफायती गेंदबाजी करने वालीं तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी ने छह ओवरों में 37 रन दे दिए थे। मैथ्यूज ने 57 गेंदों की अपनी पारी में सात चौके लगाए थे लेकिन 20वें से 35वें ओवर के बीच विंडीज टीम लड़खड़ा गई।
बेहद खास है यह शतक
मिताली राज
- फोटो : ESPN
इस जीते क बाद स्मृति ने कहा, "नब्बे के स्कोर पर मैं थोड़ा नर्वस थी लेकिन मेरी साथी मोना ने मुझे सावधानी से खेलने को कहा। यह पारी मेरे लिए बेहद खास है। पहली बार जब मैंने शतक बनाया था (ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ) तब हम लक्ष्य का पीछा करते हुए हार गए थे। फिर यह शतक विश्व कप में भी तो है।"
जीत के बाद कप्तान मिताली राज ने कहा, "लड़कियों ने जैसा खेल दिखाया, मैं उससे काफी खुश हूं। हालांकि फील्डिंग के दौरान हमने कुछ कैच छोड़े लेकिन महत्वपूर्ण रनआउट भी किया। मंधाना ने बेहतरीन पारी खेली। मैं सोच रही थी कि हमारी पेसर सफल रहेंगी लेकिन यह उनका दिन नहीं था और स्पिनरों ने हमारी मैच में वापसी कराई।"