शानदार फॉर्म में चल रही भारतीय क्रिकेट टीम शुक्रवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे वनडे में जीत दर्ज कर पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बनाना चाहेगी। भारतीय टीम ने दूसरे वनडे में वेस्टइंडीज को 105 रन से हराया था जबकि सीरीज का पहला मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। उस मैच में केवल 39 ओवर का खेल संभव हो पाया था।
विश्व की तीसरे नंबर की भारतीय टीम के गेंदबाजों ने दूसरे मैच में शीर्ष क्रम के तीन बल्लेबाजों अजिंक्य रहाणे, शिखर धवन और विराट कोहली की शानदार बल्लेबाजी के बाद अपनी बेहतरीन लाइन एवं लेंथ से काफी प्रभावित किया था, जिससे टीम ने वेस्टइंडीज में अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की।
रहाणे ने तीसरा वनडे शतक जमाया जबकि कोहली और धवन ने अर्धशतकीय पारियां खेली जिसकी बदौलत भारत ने पांच विकेट पर 310 रन का स्कोर खड़ा किया था। अब तीनों इसी लय को जारी रखना चाहेंगे जबकि अनुभवी खिलाड़ी जैसे महेंद्र सिंह धोनी और युवराज सिंह भी मध्यक्रम में अच्छा करना चाहेंगे। युवा ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और केदार जाधव की मौजूदगी से मेहमान टीम की बल्लेबाजी को मजबूती मिलेगी और ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन की बल्लेबाजी प्रतिभा से सभी वाकिफ हैं।
भुवी और उमेश करेंगे गेंदबाजी की अगुवाई
उमेश यादव
- फोटो : getty
भारत की ओर से गेंदबाजी विभाग में तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और उमेश यादव फिर से आक्रमण की अगुवाई करेंगे, जिसमें हार्दिक पांड्या भी अपनी भूमिका निभाएंगे जबकि स्पिन विभाग की जिम्मेदारी अश्विन और कुलदीप यादव के कंधों पर होगी।
चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप ने दूसरे वनडे में अपनी बेहतरीन गेंदबाजी से सबकों प्रभावित किया था, उन्होंने नौ ओवर में 50 रन देकर तीन विकेट झटके थे और कप्तान कोहली की प्रशंसा के पात्र बने थे। युवराज ने भी काफी समय बाद गेंदबाजी की थी। यह देखना होगा कि टीम प्रबंधन रविंद्र जडेजा को अतिरिक्त गेंदबाज के रूप में शामिल करता है या नहीं। वहीं तेज गेंदबाज भुवनेश्वर ने अपने पांच ओवर में महज नौ रन देकर दो विकेट झटके थे।
कोहली, युवराज, शिखर धवन और पांड्या जैसे खिलाड़ियों ने आम अभ्यास सत्रों के अलावा मैच से पहले जिम में भी पसीना बहाया। हालांकि वे कमजोर और कम अनुभवी प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ खेल रहे हैं, लेकिन भारतीय टीम के लिए भविष्य के श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका के कठिन दौरों से पहले इस सीरीज का सकारात्मक रूप से समापन करना काफी अहम होगा।
विंडीज टीम में दो नए चेहरे
- फोटो : pti
पांच मैचों की वनडे सीरीज में 0-1 से पिछड़ रही वेस्टइंडीज ने दो नए चेहरों कायले होप और सुनील एम्ब्रिस को बचे हुए तीन मैचों की वनडे टीम में शामिल किया है। इन दोनों ने 13 सदस्यीय टीम में जोनाथन कार्टर और केसिरक विलियम्स की जगह ली है।
घरेलू टीम उम्मीद करेगी कि इन दो नए खिलाड़ियों को टीम में शामिल करने से उन्हें सकारात्मक परिणाम मिले। वेस्टइंडीज की टीम पहली बार आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के लिए क्वालीर्फाई करने में असफल रही थी और टीम सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में विपक्षी टीम को पस्त करने के लिए बेताब होगी।
मेजबान के लिए सीरीज जीत अहम
मेजबान वेस्टइंडीज टीम के लिए इस सीरीज को जीतना बेहद अहम है, क्योंकि 2019 में होने वाले विश्व कप में सीधे प्रवेश के लिए उसके पास संभवत: आखिरी मौका है। अगर विंडीज यह सीरीज हार जाती है तो उसे विश्व कप में जाने के लिए क्वालीफायर टूर्नामेंट खेलना पड़ सकता है। इस वर्ष 30 सितंबर तक आईसीसी वनडे टीम रैंकिंग में मेजबान इंग्लैंड के अलावा शीर्ष सात टीमें विश्व कप में सीधे प्रवेश की हकदार होंगी। बाकी टीमों को क्वालीफायर टूर्नामेंट खेलना होगा। ऐसे में विंडीज पर गहरा संकट मंडरा रहा है।
टीम:
भारत
विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन, रोहित शर्मा, युवराज सिंह, एम एस धोनी (विकेटकीपर), केदार जाधव, हार्दिक पांड्या, रविचंद्रन अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, कुलदीप यादव, उमेश यादव, दिनेश कार्तिक, रविंद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, ऋषभ पंत।
वेस्टइंडीज
जेसन होल्डर (कप्तान), सुनील एम्ब्रिस, देवेंद्र बीशू, रोस्टन चेस, मिगुएल कमिंस, कायले होप, शाई होप, अल्जारी जोसफ, एविन लुईस, जेसन मोहम्मद, एशले नर्स, कीरन पावेल, रोवमैन पावेल।