हर्षल पटेल आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन सकते हैं।
- फोटो : Social Media
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के तेज गेंदबाज हर्षल पटेल अपने करियर के सबसे बेहतरीन दौर से गुजर रहे हैं। आईपीएल 2021 में उन्होंने अब तक 11 मैचों में 26 विकेट अपने नाम किए हैं और पर्पल कैप की रेस में सबसे आगे चल रहे हैं। हर्षल के बाद दिल्ली के आवेश खान 18 विकटों के साथ इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। मौजूदा हालातों को देखते हुए यह तय लग रहा है कि इस सीजन पर्पल कैप हर्षल पटेल के पास ही रहेगी। इसके साथ ही हर्षल एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी बन सकते हैं। उन्होंने सिर्फ 11 मैचों में लेग स्पिनर युजवेन्द्र चहल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
आईपीएल के इतिहास में ड्वेन ब्रावो एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने साल 2013 में सबसे ज्यादा 32 विकेट झटके थे। इस सीजन में हर्षल पटेल उनसे ज्यादा विकेट ले सकते हैं।
आसानी से ब्रावो का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं पटेल
2013 में 32 विकेट लेने वाले ब्रावो का रिकॉर्ड हर्षल बड़ी आसानी से तोड़ सकते हैं। उन्होंने 11 मैचों में 26 विकेट लिए हैं और अभी उनकी टीम को तीन लीग मैच और खेलने हैं। इसके अलावा आरसीबी का प्लेऑफ में जाना भी लगभग तय है। ऐसे में हर्षल पटेल के पास ब्रावो का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए कम से कम चार मैच हैं, जबकि ब्रावो का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए उन्हें सिर्फ सात विकेट की जरूरत है। इस सीजन में हर्षल ने हर दो मैच में पांच विकेट निकाले हैं। इस हिसाब से इन चार मैचों में वो 10 विकेट ले सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो हर्षल 36 विकटों के साथ आईपीएल के इतिहास में नया कीर्तिमान रच देंगे और एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन जाएंगे।
एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले अनकैप्ड खिलाड़ी बने हर्षल
हर्षल पटेल ने इस सीजन में 24वां विकेट लेने के साथ ही युजवेन्द्र चहल का 2015 का रिकॉर्ड तोड़ दिया। अब हर्षल एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले अनकैप्ड गेंदबाज बन चुके हैं। इससे पहले युजवेन्द्र चहल ने साल 2015 में 23 विकेट लिए थे, तब उन्होंने भारतीय टीम के लिए कोई मैच नहीं खेला था। हर्षल पटेल को भी अभी तक टीम इंडिया की जर्सी नसीब नहीं हुई है और 26 विकेट लेकर उन्होंने चहल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। हालांकि इस प्रदर्शन के आधार पर उन्हें जल्द ही भारतीय टीम में शामिल किया जा सकता है।
आईपीएल 2021 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज
आईपीएल के इस सीजन में हर्षल पटेल ने एक हैट्रिक के साथ सबसे ज्यादा 26 विकेट लिए हैं। इस दौरान उन्होंने दो बार एक मैच में पांच विकेट लेने का कारनामा भी किया है। उनके बाद दिल्ली के आवेश खान ने 18 विकेट, मुंबई के जसप्रीत बुमराह ने 16 विकेट, पंजाब के मोहम्मद शमी ने 14 विकेट और दिल्ली के क्रिस मॉरिस ने 14 विकेट लिए हैं।