गुजरात टाइटंस बनाम मुंबई इंडियंस
- फोटो : IPL
गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के बीच आईपीएल 2024 का पांचवां मुकाबला आज अहमदाबाद में खेला जा रहा है। दोनों टीमें नए कप्तान के साथ इस मुकाबले में खेलती नजर आ रही हैं। हार्दिक पांड्या मुंबई का नेतृत्व कर रहे हैं जबकि शुभमन गिल गुजरात की अगुवाई कर रहे हैं। इस मैच में एमआई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। गुजरात ने 20 ओवर में छह विकेट खोकर 168 रन बनाए हैं।
इस मुकाबले में हार्दिक पांड्या ने गुजरात की पारी का पहला ओवर फेंका, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया। दरअसल, रोहित के नेतृत्व में जसप्रीत बुमराह को पारी की शुरुआत का पहला ओवर फेंकने का मौका मिलता था। हैरानी की बात यह है कि हार्दिक पांड्या ने तेज गेंदबाज को चौथे ओवर में गेंद थमाई। हार्दिक के इस फैसले ने सभी को हैरान कर दिया। सोशल मीडिया पर फैंस भी अलग-अलग प्रतिक्रिया दे रहे हैं। बुमराह ने इस मैच में घातक प्रदर्शन किया और तीन विकेट चटकाए जबकि हार्दिक एक भी विकेट नहीं ले सके।
गुजरात की पारी
गुजरात के लिए साई सुदर्शन और राहुल तेवतिया ने दमदार प्रदर्शन किया। सुदर्शन ने इस मैच में तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 45 रन बनाए जबकि तेवतिया ने 22 रन बनाए। इस छोटी पारी में उन्होंने 15 गेंदों का सामना किया और दो चौके और एक छक्का मारा।
ऋद्धिमान साहा और शुभमन गिल के बीच पहले विकेट के लिए 31 रन की साझेदारी हुई जिसे घातक गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने तोड़ा। उन्होंने चौथे ओवर की आखिरी गेंद पर साहा को बोल्ड किया। बल्लेबाज 1 रन बनाकर पवेलियन लौटे। टीम को दूसरा झटका शुभमन गिल के रूप में लगा जिन्हें पियूष चावला ने अपना शिकार बनाया। दूसरे विकेट के लिए गिल और सुदर्शन के बीच 33 रन की साझेदारी हुई। कप्तान तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 31 रन बनाने में कामयाब हुए।
17वें ओवर में बुमराह को मिले दो विकेट
गुजरात का तीसरा विकेट 104 रन के स्कोर पर गिरा। अजमतुल्लाह उमरजई को गेराल्ड कोएत्जी ने 12वें ओवर की आखिरी गेंद पर अपना शिकार बनाया। वह 17 रन बनाने में कामयाब हुए। साई सुदर्शन के साथ उमरजई ने 40 रन की साझेदारी निभाई। गुजरात के लिए जसप्रीत बुमराह काल साबित हुए। उन्होंने 17वें ओवर में दो विकेट हासिल किए। इस ओवर की पहली गेंद पर घातक गेंदबाज ने डेविड मिलर को आउट किया। इसके बाद तीसरी गेंद पर उन्होंने साई सुदर्शन का विकेट चटकाया। हालांकि, इस ओवर में बल्लेबाजी के लिए आए राहुल तेवतिया ने टीम का स्कोर 160 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 22 रन बनाए। हालांकि, कोएत्जी ने उन्हें अपना शिकार बनाया। विजय शंकर और राशिद खान क्रमश: छह और चार रन बनाकर नाबाद रहे। मुंबई के लिए जसप्रीत बुमराह ने तीन विकेट लिए जबकि गेराल्ड कोएत्जी को दो सफलताएं मिली। वहीं, पीयूष चावला ने गुजरात के कप्तान शुभमन गिल को आउट किया।