गंभीर और अगरकर ने जडेजा, शुभमन, ऋतुराज और अभिषेक पर बात की
- फोटो : ICC/BCCI/PTI
श्रीलंका दौरे के लिए टीम इंडिया के चयन के बाद से ही इस बात को लेकर काफी चर्चा हो रही थी कि रवींद्र जडेजा को वनडे टीम में क्यों नहीं चुना गया है। टी20 विश्व कप 2024 जीतने के बाद जडेजा ने टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास ले लिया था। हालांकि, उन्हें श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में जगह नहीं मिली। अब इस पर मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर और मुख्य कोच गौतम गंभीर ने बयान दिया है। इन दोनों से इस बात का खंडन किया कि जडेजा का करियर समाप्ती की ओर है।
रवींद्र जडेजा
- फोटो : twitter
अगरकर ने कहा, 'श्रीलंका दौरे पर अक्षर पटेल और रवींद्र जडेजा दोनों को एक ही छोटी सीरीज में लेना व्यर्थ था। जडेजा को बाहर नहीं किया गया है। आगे हमें लगातार कई टेस्ट खेलने हैं और उनके टेस्ट सीरीज में शामिल होने की संभावना है। वह अभी भी योजना के दायरे में हैं और एक महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं। उनके लिए वनडे विश्व कप शानदार रहा था और जडेजा हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।' वहीं, गंभीर ने भी जडेजा को लेकर कहा- श्रीलंका दौरे के बाद हमें लंबा ब्रेक मिलेगा और फिर हमारे पास 10 टेस्ट मैच हैं। चुनौती इसी को लेकर है। हम ये 10 टेस्ट लगातार खेलेंगे और इसमें ऑस्ट्रेलिया का दौरा भी शामिल है। मैं इसके लिए उत्साहित हूं। उम्मीद है कि हम इन 10 टेस्ट मैचों में अच्छा प्रदर्शन कर सकेंगे। अगरकर ने पहले ही बता दिया है कि जो खिलाड़ी इस सीरीज में जगह नहीं बना पाए, वह आगे टीम में आ सकते हैं। उन 10 टेस्ट मैचों के लिए जडेजा हमारे लिए बेहद अहम हैं। उन 10 मैचों का इंतजार कर रहा हूं।'
ऋतुराज गायकवाड़-अभिषेक शर्मा
- फोटो : twitter
सिर्फ जडेजा ही नहीं, श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए ऋतुराज गायकवाड़ और अभिषेक शर्मा को नहीं चुने जाने को लेकर भी काफी विवाद हुआ। कई पूर्व क्रिकेटरों ने जिम्बाब्वे के खिलाफ अपनी डेब्यू टी20 सीरीज में शतक लगाने वाले अभिषेक को मौका देना चाहिए था। वहीं, इस सीरीज में अच्छी बल्लेबाजी करने वाले ऋतुराज को भी मौका मिलना चाहिए था। बद्रीनाथ से लेकर श्रीकांत तक ने ऋतुराज को टीम में शामिल करने की वकालत की थी। हालांकि, अब इस बारे में अगरकर ने बयान दिया है। उन्होंने कहा- चूकने वाला हर खिलाड़ी महसूस करता है कि उसके खिलाफ क्रूर फैसले लिए गए या कठिन फैसले लिए गए। कभी-कभी ऐसा ही होता है। हर किसी को 15 में फिट करना मुश्किल होता है और हमारा काम 15 खिलाड़ियों को ही चुनना है। यह अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने के बारे में है। रिंकू बिना किसी गलती के टी20 विश्व कप से चूक गए थे। हमें 15 को ही फाइनल करना है।
शुभमन गिल
- फोटो : BCCI
दरअसल, श्रीकांत और बद्रीनाथ ने टी20 में अभिषेक-ऋतुराज को शामिल न कर, शुभमन गिल को बतौर उपकप्तान शामिल करने की आलोचना की थी। जिम्बाब्वे दौरे पर टीम की कमान संभालने के बाद शुभमन को श्रीलंका दौरे पर वनडे और फिर टी20 सीरीज के लिए उपकप्तान बनाया गया। इस फैसले को लेकर अगरकर ने कहा- हमें लगता है कि शुभमन गिल तीन प्रारूपों के खिलाड़ी हैं। पिछले एक साल में उन्हें क्वालिटी परफॉर्मेंस दिखाया है। ऐसा हम ड्रेसिंग रूम से भी सुनते हैं। उन्होंने कुछ अच्छे नेतृत्व गुण दिखाए हैं। हम उन्हें लीडरशिप रोल देने का प्रयास करना चाहते हैं। हालांकि, इसकी कोई गारंटी नहीं है।