भारत के युवा सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल पिछले कुछ समय से भारतीय टीम के शीर्ष प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी रहे हैं। इसके बावजूद उनका इस साल जून में होने वाले टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम में शामिल होना पूरी तरह से तय नहीं माना जा रहा है। इसमें कोई शक नहीं कि गिल इस वैश्विक टूर्नामेंट के लिए टीम में जगह बनाने के प्रबल दावेदार हैं, लेकिन उनकी बैटिंग पोजिशन और इस स्थान के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा ने शुभमन के लिए चीजें जटिल बना दी हैं।
गिल के सामने यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल की चुनौती है। केएल राहुल टीम में विकेटकीपिंग का विकल्प भी देते हैं। गिल ने गुजरात टाइटंस के लिए गुरुवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ 48 गेंदों पर 89 रनों की पारी खेली। यह आईपीएल के इस सीजन में उनका पहला अर्धशतक था। टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम की संभावनाओं को लेकर न्यूजीलैंड के पूर्व क्रिकेटर साइमन डुल ने भी अपनी राय व्यक्त की।
डुल की नजर में शुभमन का चुना जाना तय नहीं
साइमन डुल से जब यह पूछा गया कि पंजाब किंग्स के खिलाफ अर्धशतकीय पारी से शुभमन ने टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम में जगह पक्की कर ली है। इस पर डुल ने कहा, नहीं, बिलकुल नहीं। विश्व कप के लिए 15 सदस्यीय टीम चुनी जानी है, लेकिन मेरी राय में यह 18 खिलाड़ियों की टीम होनी चाहिए। जब आप टीम चयन की बात करते हैं तो आपको टीम में एक अतिरिक्त शीर्ष क्रम का बल्लेबाज रखना होता है। जरूरत पड़ने पर आप सिर्फ एक शीर्ष क्रम के बल्लेबाज का रिप्लेसमेंट रख सकते हैं और अगर ऐसा होता है तो वो केएल राहुल होंगे जो विकेटकीपर का विकल्प भी उपलब्ध कराते हैं। यह टीम के लिए बोनस की तरह होगा। केएल राहुल शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के रिप्लेसमेंट हो सकते हैं, शुभमन नहीं। अगर गिल यशस्वी, रोहित शर्मा और विराट कोहली से आगे नहीं निकल पाते हैं तो वह टी20 विश्व कप टीम में नहीं होंगे।
गिल पर भारी पड़ी थी शशांक की पारी
गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान शुभमन गिल के 48 गेंदों पर छह चौकों और चार छक्कों की मदद से नाबाद 89 रनों के दम पर चार विकेट पर 199 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी, लेकिन शशांक और इंपैक्ट सब के तौर पर मैदान में उतरे आशुतोष शर्मा ने टीम की मैच में वापसी कराई। इन दोनों बल्लेबाजों की मदद से पंजाब ने एक गेंद शेष रहते सात विकेट पर 200 रन बनाकर जीत दर्ज की। पंजाब ने इसके साथ ही इस सीजन का सबसे बड़ा स्कोर चेज किया था। गिल ने आईपीएल के इस सीजन का अपना पहला अर्धशतक जड़ा। गिल के करियर का यह 19वां पचासा था। एक समय लग रहा था कि गिल इस मैच में शतक लगाएंगे, लेकिन वह ऐसा नहीं कर सके थे। हालांकि उनकी मेहनत पर शशांक सिंह की पारी ने पानी फेर दिया था और उन्होंने गुजरात के मुंह से जीत छीन ली थी।