न्यूजीलैंड के पूर्व आलराउंडर ब्रूस टेलर का 77 साल की उम्र में निधन हो गया। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। टेलर ने भारत के खिलाफ 1965 में टेस्ट डेब्यू किया था। अपने डेब्यू मैच में ही इस ऑलराउंडर ने शतक जड़ा था। इसके साथ साथ गेंदबाजी में पांच विकेट भी चटकाए थे। आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए टेलर ने 158 गेंदों में 105 रन की शतकीय पारी खेली थी। इस दौरान उन्होंने 14 चौके और तीन छक्के लगाए थे। वहीं, गेंदबाजी में 86 रन देकर पांच विकेट झटके थे। न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने कहा, 'न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) को 77 साल की उम्र में ऑलराउंडर ब्रूस टेलर के निधन का गहरा दुख है। हमारी संवेदनाएं उनके परिवार और करीबी दोस्तों के साथ हैं।'
संन्यास के बाद लगा स्कूल में चोरी का आरोप
ब्रूस टेलर ने न्यूजीलैंड के लिए 1965 से 1973 तक कुल 30 टेस्ट और दो वन-डे मैच खेले थे। इस दौरान उन्होंने टेस्ट में दो शतक और दो अर्धशतकों के साथ 898 रन बनाए थे। इसके बाद उन्होंने क्रिकेट को अलविदा कह दिया। क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद, टेलर ने वेलिंगटन और ओटागो टीमों के लिए चयनकर्ता के रूप में कार्य किया। जब वे 1992 के क्रिकेट विश्व कप में खेले थे, तब वे न्यूजीलैंड की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के चयनकर्ता थे। जुए की लत के चलते उन पर स्कूल से चोरी का इल्जाम भी लगा। स्कूल से उन्होंने करोड़ों की चोरी की थी। इसके अलावा उन्हें धोखाधड़ी के 22 आरोपों में दोषी ठहराया गया था और एक साल की जेल की सजा सुनाई गई थी।