कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच शनिवार को होने वाले मुकाबले में आईपीएल के दो सबसे महंगे खिलाड़ियों ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाजों मिचेल स्टार्क और पैट कमिंस के अलावा चोट के कारण लंबे समय बाद वापसी कर रहे श्रेयस अय्यर के प्रदर्शन पर भी फोकस रहेगा। पीठ की चोट के कारण पिछले साल पूरे सत्र से बाहर रहे श्रेयस केकेआर की कमान संभालेंगे। उन्होंने हाल ही में रणजी ट्रॉफी में मुंबई के लिए 95 रन बनाए लेकिन फिटनेस को देखते हुए यह तय नहीं है कि वह सारे मैच खेल सकेंगे या नहीं।
केकेआर के सबसे कामयाब कप्तान गौतम गंभीर अब मेंटर के रूप में दूसरी पारी में लौटे हैं। घरेलू सर्किट पर कुशल रणनीतिकार मुख्य कोच चंद्रकांत पंडित के साथ उनकी साझेदारी दिलचस्प होगी। टीम के मालिक शाहरुख खान ने गंभीर से कहा है ,‘ यह तुम्हारी टीम है। बनाओ या बिगाड़ो।’ गंभीर की कप्तानी में केकेआर ने 2011 से 2017 के बाद दो आईपीएल खिताब जीते , पांच प्लेआफ खेले और एक बार अब बंद हो चुकी चैंपियंस लीग में उपविजेता रही।
कार्यभार प्रबंधन में बरतनी होगी सावधानी
केकेआर ने स्टार्क को 24 करोड़ 75 लाख रुपये में खरीदा है और बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज पर अच्छे प्रदर्शन का काफी दबाव होगा। पावरप्ले और डेथ ओवरों में उनके स्पैल निर्णायक साबित हो सकते हैं। केकेआर के पास स्टार्क और आंद्रे रसेल जैसे दो अनुभवी तेज गेंदबाज हैं और उनकी जगह लेने के लिए उनके जैसा कोई विकल्प नहीं है लिहाजा कार्यभार प्रबंधन में सावधानी बरतनी होगी। केकेआर के पास बल्लेबाजी में अय्यर के अलावा रिंकू सिंह, रसेल, रहमानुल्लाह गुरबाज, फिल साल्ट और वेंकटेश अय्यर हैं। स्पिन गेंदबाजी में सुनील नारायण, वरुण चक्रवर्ती और सुयश शर्मा पर जिम्मेदारी होगी।
कमिंस पर होगी बड़ी जिम्मेदारी
सनराइजर्स की कमान ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान कमिंस के हाथ में होगी जिन्हें 20 करोड़ 50 लाख रुपये में खरीदा गया है। वह आईपीएल के दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी हैं और पिछले तीन सत्र में आखिरी स्थान पर रही सनराइजर्स की तकदीर बदलने की जिम्मेदारी उन पर होगी। सनराइजर्स के पास ट्रेविस हेड और हेनरिच क्लासेन जैसे बल्लेबाज हैं जबकि गेंदबाजी में कमिंस और भारत के डेथ ओवरों के विशेषज्ञ भुवनेश्वर कुमार होंगे। स्पिन में वानिंदु हसरंगा और वॉशिंगटन सुंदर जिम्मा संभालेंगे। यह देखना होगा कि हसरंगा पहला मैच खेल सकेंगे या नहीं चूंकि बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट के लिए आईसीसी ने उन पर प्रतिबंध लगाया है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
कोलकाता नाइट राइडर्स: वेंकटेश अय्यर, फिल सॉल्ट (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), नीतीश राणा, रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, रमनदीप सिंह, सुनील नरेन, मिचेल स्टार्क, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती (इम्पैक्ट सब: सुयश शर्मा)
सनराइजर्स हैदराबाद: अभिषेक शर्मा/मयंक अग्रवाल, ट्रैविस हेड, राहुल त्रिपाठी, एडेन मार्कराम, हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), अब्दुल समद, वॉशिंगटन सुंदर, पैट कमिंस (कप्तान), भुवनेश्वर कुमार, मयंक मार्कंडे, उमरान मलिक (इम्पैक्ट सब: टी नटराजन)