इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स ने अनुभवी तेज गेंदबाज क्रिस वोक्स को लेकर बड़ा बयान दिया है। स्टोक्स ने वोक्स का समर्थन किया है जिन पर जेम्स एंडरसन के बाद गेंदबाजी का जिम्मा होगा। एंडरसन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ लॉर्ड्स पर खेले गए पहले टेस्ट मैच के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। इंग्लैंड ने इस मैच में शानदार जीत दर्ज कर एंडरसन को विजयी विदाई दी थी। एंडरसन के संन्यास लेने के बाद वोक्स पर अधिक जिम्मेदारी होगी। वोक्स अपना 50वां टेस्ट खेलने के लिए तैयार हैं।
एंडरसन टेस्ट क्रिकेट में सबसे सफल तेज गेंदबाज हैं और उन्होंने अपना करियर 704 विकेट के साथ समाप्त किया। इंग्लैंड ने पहले टेस्ट मैच में वेस्टइंडीज को पारी और 114 रनों से हराया था। एंडरसन ने करियर में 188 टेस्ट मैच खेले। एंडरसन से पहले स्टुअर्ट ब्रॉड भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं और 2012 के बाद यह पहली बार होगा जब इंग्लैंड की टीम घरेलू मैदान पर एंडरसन और ब्रॉड के बिना टेस्ट मैच खेलने उतरेगी।
स्टोक्स ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट से पहले कहा, एंडरसन के संन्यास को मैं एक अवसर की तरह ले रहा हूं। क्रिस वोक्स जैसा कोई अब गेंदबाजी विभाग की अगुआई कर सकता है। वोक्स काफी अनुभवी गेंदबाज हैं। हमें एंडरसन और ब्रॉड की आदत थी, लेकिन अब हमें इन दोनों गेंदबाजों की सेवाएं नहीं मिलेंगी। मैं इसे वोक्स के लिए एक अवसर की तरह देख रहा हूं। इंग्लैंड में वह शानदार गेंदबाज हैं।
सहायक स्टाफ के तौर पर टीम के साथ बने रहेंगे एंडरसन
एंडरसन ने भले ही संन्यास ले लिया है, लेकिन वह सहायक स्टाफ के तौर पर टीम के साथ बने रहेंगे। स्टोक्स ने एंडरसन के टीम में रहने के सकारात्मक पहलू पर भी बात की। उन्होंने कहा, पिछले कुछ दिन अच्छे रहे हैं। आप देख सकते हैं कि एंडरसन भी तैयार हैं। एंडरसन हमेशा अपने खेल के लिए तैयार रहते हैं, इसलिए उन्हें रणनीति बनाते हुए देखना अच्छा रहेगा।