मैनचेस्टर टेस्ट रद्द होने के बाद अधिकतर भारतीय खिलाड़ी आईपीएल 2021 के दूसरे चरण में शामिल होने के लिए दुबई पहुंच चुके हैं। लेकिन इंग्लैंड के तीन बड़े खिलाड़ियों ने आईपीएल से अपना नाम वापस ले लिया। ऐसा करने वालों में दिल्ली कैपिटल्स के क्रिस वोक्स भी शामिल हैं। वह भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज का हिस्सा थे लेकिन उन्होंने यूएई में वाली टी-20 लीग में शामिल होने से मना कर दिया।
वोक्स ने हालांकि अपने इस फैसले पर अब अपनी चुप्पी तोड़ी है। वोक्स ने कहा, 'लगातार तीन टूर्नामेंट खेलना बेहद कठिन है, इसलिए उन्होंने आईपीएल की बजाय टी-20 वर्ल्ड कप और एशेज में हिस्सा लेने का फैसला किया।'
इंग्लैंड के इस ऑलराउंडर ने दी गार्जियन से बातचीत में कहा, 'मुझे नहीं लगा था कि वर्ल्ड कप स्क्वॉड में मेरा नाम शामिल किया जाएगा, खासकर दो महीने पहले। आईपीएल को रिशेड्यूल किया गया और हमारे समर सीजन के अंत में रख दिया गया। वर्ल्ड कप और एशेज, यह कम समय में बहुत है। मैं आईपीएल में शामिल होकर खुश होता लेकिन किसी एक छोड़ना था।'
गौरतलब है कि वोक्स ने एशेज में शामिल होने के लिए ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाने की इच्छा जताई थी, वो भी तब जब कई ब्रिटिश खिलाड़ियों कोविड-19 पाबंदियों को लेकर चिंतित थे।
बात करें आईपीएल की तो 14वें सीजन के दूसरे चरण का आयोजन 19 सितंबर से यूएई में होने जा रहा है। यही नहीं इसके बाद अगले महीने से टी-20 वर्ल्ड कप का आयोजन भी यहीं होना है।