आईपीएल 2021 में कोलकाता vs दिल्ली
- फोटो : सोशल मीडिया
आईपीएल 2021 का दूसरा क्वालीफायर कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जा रहा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 135 रन बनाए। जवाब में कोलकाता ने 19.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। डीसी की पारी में एक मौका ऐसा आया जब शिमरॉन हेटमायर खुशी के मारे झूम उठे।
दरअसल, दिल्ली ने 16 ओवर में 92 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे। टीम मुश्किल में दिख रही थी। उस वक्त शिमरॉन हेटमायर और श्रेयस अय्यर क्रीज पर थे। 17वें ओवर में वरुण चक्रवर्ती गेंदबाजी करने आए। इस ओवर की चौथी गेंद पर हेटमायर ने डीप मिड ऑन पर हवा में शॉट खेला।
कोलकाता के शुभमन गिल ने दौड़ते हुए डाइव लगाकर हेटमायर का शानदार कैच पकड़ा। इसके बाद कोलकाता टीम जश्न मनाने लगी। हेटमायर भी आउट होने की निराशा में डग आउट में लौट चुके थे। तभी ऑन फील्ड अंपायर ने कुछ मिनट के लिए खेल रोका और थर्ड अंपायर ने नो बॉल चेक करने का संदेश भेजा।
रिप्ले में दिखा कि वरुण का पैर लाइन के ऊपर था। टीवी अंपायर ने नो बॉल का इशारा किया और हेटमायर खुशी के मारे उछल पड़े। उन्होंने मैदान पर आते ही श्रेयस से हाथ मिलाया। फिर उन्होंने कोलकाता के जख्म पर नमक छिड़कते हुए दो छक्के लगाए।
हालांकि, वह 10 गेंदों पर 17 रन बनाकर आउट हो गए। दिल्ली की बैटिंग भी कुछ खास नहीं रही। शिखर धवन ने सबसे ज्यादा 36 रन बनाए। वहीं, श्रेयस 27 गेंदों पर 30 रन बनाकर नाबाद रहे।