ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक ओपनर डेविड वार्नर अगले साल होने वाले आईपीएल के लिए मेगा ऑक्शन में उतरेंगे। उन्होंने गुरुवार को इसका एलान किया। वे 2015 से सनराइजर्स हैदराबाद फ्रेंचाइजी से खेल रहे थे। हालांकि, इस साल खराब फॉर्म के बाद उन्हें टीम ने कुछ अहम मैचों में ड्रॉप किया था। साथ ही कप्तानी से भी हटा दिया था। इसको लेकर काफी विवाद भी हुआ।
वार्नर ने कहा- मैं अपना नाम आईपीएल 2022 के ऑक्शन में दूंगा। जिस तरह के संकेत हैदराबाद ने दिए हैं, टीम मुझे रिटेन नहीं करेगी। इसलिए मैं एक नई शुरुआत की तरफ देख रहा हूं। जो इस साल मेरे साथ हुआ, उसके बाद हैदराबाद के साथ बने रहना मुश्किल है। टीम ने मुझसे कहा कि दो बल्लेबाज मुझसे बढ़िया हिट लगा रहे हैं। इस पर मुझे हंसी आई थी।
वार्नर ने कहा- मैं नई शुरुआत करूंगा और जो हो चुका उसे भूल जाऊंगा। मुझे अभी तक सनराइजर्स हैदराबाद फ्रेंचाइजी ने कई सवालों के जवाब नहीं दिए हैं। वार्नर की ही कप्तानी में हैदराबाद ने 2016 में पहली बार आईपीएल का खिताब जीता था। 2021 में फ्रेंचाइजी अंक तालिका में सबसे नीचे आठवें स्थान पर रही थी।
अगले साल आईपीएल में आठ टीमों के अलावा दो और नई टीमें लखनऊ और अहमदाबाद खेलती दिखाई देंगी। ईएसपीएन क्रिकइन्फो के मुताबिक, अगले साल ऑक्शन में आठ पुरानी टीमों को चार खिलाड़ियों को रिटेन करने की इजाजत होगी। वहीं, दो नई टीमों को रिलीज किए गए खिलाड़ियों के पूल से कोई भी तीन खिलाड़ियों को चुनने की इजाजत होगी। ऐसे में लखनऊ और अहमदाबाद दोनों वार्नर को अपनी टीम में शामिल करने के लिए जद्दोजहद करते हुए दिख सकती हैं।