आईपीएल 2024 के 49वें मैच में पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स का सामना पंजाब किंग्स से होगा। यह मुकाबला चेन्नई के होम ग्राउंड चेपॉक में खेला जाएगा। प्रदर्शन में निरंतरता की कमी से जूझ रही चेन्नईकी टीम जब पंजाब के खिलाफ उतरेगी तो उसकी नजरें खेल के सभी विभागों में एकजुट प्रदर्शन करने पर टिकी होंगी।
इस मैच में जीत से सीएसके की स्थिति मजबूत हो जाएगी और प्लेऑफ के लिए उनका दावा भी मजबूत होगा। इस मैच में सीएसके को फॉर्म में लौट चुके जॉनी बेयरस्टो, शशांक सिंह और फिनिशर आशुतोष शर्मा से बच कर रहना होगा। शशांक और आशुतोष का बल्ला इस सीजन खूब बोला है तो बेयरस्टो ने कोलकाता के खिलाफ अपने पिछले मैच में शतक जड़ा था और रिकॉर्ड चेज में मदद की थी।
अंक तालिका का हाल
चेन्नई सुपर किंग्स बनाम सैम करन
- फोटो : IPL/BCCI
चेन्नई के नौ मैच में 10 अंक हैं जो सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स के समान हैं और गत चैंपियन टीम निश्चित रूप से जीत के साथ इन टीमों से आगे निकलने की कोशिश करेगी। हालांकि, उनकी चिंता बढ़ गई है क्योंकि पंजाब की टीम कोलकाता के खिलाफ 262 रन के टी20 क्रिकेट इतिहास के सबसे बड़े लक्ष्य को हासिल करने के बाद इस मुकाबले में उतर रही है। पंजाब किंग्स के नौ मैच में छह अंक हैं। चेपॉक सुपरकिंग्स का गढ़ है जहां गेंदबाजों को पिच से मदद मिलती है और मेजबान टीम ने पिछले मैच में सनराइजर्स पर 78 रन की आसान जीत दर्ज की थी।
ओस पड़ी तो चेज करना होगा आसान
चेन्नई सुपर किंग्स
- फोटो : IPL
चेन्नई में उस रात ओस नहीं पड़ी थी और बल्लेबाजों द्वारा 200 से अधिक का स्कोर खड़ा करने के बाद सीएसके के गेंदबाजों ने अपनी सटीक और विविधता से भरी गेंदबाजी से सनराइजर्स की मजबूत बल्लेबाजी इकाई को ध्वस्त कर दिया। चेन्नई को पंजाब के खिलाफ यह प्रदर्शन दोहराना होगा और सभी की निगाहें कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ पर होंगी जो फॉर्म में वापसी कर चुके हैं।
गायकवाड़ ने अपनी पिछली दो पारियों में 108 और 98 रन बनाए हैं और न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल ने भी हैदराबाद के खिलाफ 32 गेंद में 52 रन बनाकर सही समय पर लय हासिल कर ली है। हालांकि, सुपरकिंग्स के बल्लेबाजी क्रम में असली तूफान शिवम दुबे हैं जिन्होंने इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में आते हुए विपक्षी गेंदबाजों को धराशाई किया है। स्पिन के खिलाफ अच्छा खेलने वाले बाएं हाथ के बल्लेबाज दुबे ने मौजूदा सत्र में अब तेज गेंदबाजों के खिलाफ प्रभावी प्रदर्शन करके अपनी बल्लेबाजी में एक और आयाम जोड़ दिया है।
रहाणे आउट ऑफ फॉर्म हुए
अजिंक्य रहाणे
- फोटो : IPL/BCCI
दुबे ने अब तक 350 रन बनाए हैं जो गायकवाड़ के 447 रन के बाद सुपरकिंग्स के लिए दूसरे सर्वाधिक रन हैं। उन्होंने ये रन 172.41 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं और इस मामले में टीम में महेंद्र सिंह धोनी (259.45) के बाद दूसरे स्थान पर हैं। हालांकि, सुपरकिंग्स की ओपनिंग इस सीजन अब तक अच्छी नहीं हुई है। गायकवाड़ ने अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन अब बाहर किए गए रचिन रवींद्र और अजिंक्य रहाणे दोनों अपने कप्तान का साथ नहीं निभा पाए हैं।
सलामी बल्लेबाज के रूप में रहाणे ने पिछली चार पारियों में 05, 36, 01 और 09 रन बनाए जो उनके अनुभव और कौशल के अनुरूप नहीं हैं। पूरी संभावना है कि टीम उन्हें और मौके देगी। बल्लेबाजी कोच माइकल हसी ने भी कहा था कि यह 35 वर्षीय बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने के करीब है।
पंजाब की टीम में इन पर रहेंगी निगाहें
पंजाब किंग्स
- फोटो : IPL
दूसरी ओर पंजाब किंग्स की टीम रिकॉर्ड लक्ष्य हासिल करने के बाद लय को जारी रखते हुए अंक तालिका में मौजूदा आठवें स्थान से आगे बढ़ने को बेताब होगी। इसके लिए टीम को बल्लेबाजों से एक बार फिर से एकजुट प्रदर्शन की उम्मीद है। जिम्मेदारी एक बार फिर नाइट राइडर्स के खिलाफ शतक जड़ने वाले जॉनी बेयरस्टो, शशांक सिंह और प्रभसिमरन सिंह के कंधों पर होगी। टीम हालांकि विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा से अधिक प्रभावशाली प्रदर्शन चाहेगी।
पंजाब किंग्स का गेंदबाजी आक्रमण कगिसो रबाडा, हर्षल पटेल, अर्शदीप सिंह और सैम करन जैसे अनुभवी गेंदबाजों की मौजूदगी के बावजूद थोड़ा कमजोर दिखता है। मेहमान टीम को अपने स्पिनरों हरप्रीत बराड़ और राहुल चाहर से भी बेहतर प्रदर्शन की दरकार है क्योंकि इन्होंने इस सत्र में केवल सात विकेट लिए हैं। इसके अलावा यह भी देखने वाली बात होगी कि नियमित कप्तान शिखर धवन की वापसी होती है या नहीं।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
शिखर धवन
- फोटो : IPL/BCCI
चेन्नई सुपर किंग्स: ऋतुराज गायकवाड़, अजिंक्य रहाणे, डेरिल मिचेल, शिवम दुबे, रवींद्र जडेजा, एमएस धोनी, मोइन अली, दीपक चाहर, तुषार देशपांडे, मथीशा पथिराना, मुस्तफिजुर रहमान [इम्पैक्ट सब: शार्दुल ठाकुर/समीर रिज्वी]
पंजाब किंग्स: प्रभसिमरन सिंह/शिखर धवन, जॉनी बेयरस्टो, राइली रूसो, शशांक सिंह, सैम करन, जितेश शर्मा, आशुतोष शर्मा, हरप्रीत बराड़, हर्षल पटेल, कगिसो रबाडा, अर्शदीप सिंह [इम्पैक्ट सब: राहुल चाहर]
लाइव स्ट्रीमिंग की जानकारी
जॉनी बेयरस्टो
- फोटो : IPL/BCCI
आइए जानते हैं आईपीएल के 17वें सीजन के 49वें मैच के प्रसारण और ऑनलाइन टेलीकास्ट से जुड़ी सारी जानकारी...
कब है चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच सीजन का 49वां मुकाबला?
चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच आईपीएल 2024 का 49वां मुकाबला एक मई यानी बुधवार को खेला जाएगा।
कहां खेला जाएगा चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच सीजन का 49वां मैच?
चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच लीग का 49वां मैच चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेला जाएगा।
कब शुरू होगा चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच मैच?
चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा। टॉस उससे आधे घंटे पहले यानी शाम सात बजे होगा।
शशांक, बेयरस्टो और सैम करन
- फोटो : IPL/BCCI
कौन से टीवी चैनल पर प्रसारित होगा मैच?
स्टार स्पोर्ट्स के पास इंडियन प्रीमियर लीग के प्रसारण के अधिकार हैं। अंग्रेजी में लाइव कमेंट्री स्टार स्पोर्ट्स 1 एचडी/एसडी पर और हिंदी कमेंट्री स्टार स्पोर्ट्स हिंदी एचडी/एसडी पर उपलब्ध होगी। स्टार स्पोर्ट्स चैनल हिंदी और अंग्रेजी के अलावा कई अन्य भाषाओं में लाइव कमेंट्री प्रदान करेगा।
फोन या लैपटॉप पर कैसे देख सकते हैं लाइव मैच?
इस मैच की लाइव-स्ट्रीमिंग भारत में जियो सिनेमा (Jio Cinema) एप पर देखी जा सकती है। इसके अलावा आप मैच से जुड़ी खबरें, लाइव अपडेट्स और रिकॉर्ड्स www.amarujala.com पर भी पढ़ सकते हैं।
फ्री में कैसे देख सकते हैं लाइव मैच?
जियो सिनेमा में इस मैच का प्रसारण हो रहा है। इस एप में लाइव मैच देखने के लिए आपको किसी तरह का शुल्क देने की आवश्यकता नहीं है। आप अपने फोन में जियो सिनेमा एप इंस्टॉल करके फ्री में आईपीएल का यह मुकाबला देख सकते हैं।