महाराष्ट्र स्थापना दिवस की मुख्यमंत्री समेत इन नेताओं ने दी बधाई
आज महाराष्ट्र स्थापना दिवस है। राज्य में यह दिन उत्साह के साथ मनाया जाता है क्योंकि 63 साल पहले आज ही के दिन दोनों राज्यों की नींव रखी गई थी। इसी को लेकर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री अजित पवार से लेकर राज्यपाल रमेश बैस ने अलग-अलग कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और बधाई दी।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने 64वें महाराष्ट्र स्थापना दिवस के अवसर पर हुतात्मा चौक पर संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वालों को श्रद्धांजलि दी। उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने पुणे पुलिस मुख्यालय में महाराष्ट्र दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
वहीं, राज्यपाल रमेश बैस ने महाराष्ट्र दिवस पर ध्वजारोहण किया और परेड कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
ओडिशा: सड़क किनारे पेड़ से टकराई कार, दंपती की मौत
ओडिशा के कंधमाल जिले में एक कार के सड़क किनारे पेड़ से टकरा जाने के कारण एक व्यक्ति और उसकी पत्नी की मौत हो गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना मंगलवार शाम रायकिया शहर में उस समय हुई जब वे अपनी बेटी को ब्रह्मपुर रेलवे स्टेशन छोड़ने के बाद अपने घर लौट रहे थे।
उन्होंने बताया कि दंपती को एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में उन्हें जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान सुभाष सिंह और उनकी पत्नी नलिनी नायक के रूप में हुई है। सिंह एक सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी थे, जबकि नलिनी रायकिया शहर में एक स्कूल शिक्षक थी।
तमिलनाडु में भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत
तमिलनाडु के इरोड के पास बुधवार को एक सड़क दुर्घटना में एक दंपती और उनके दो बच्चों की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, मेट्टुपलायम के पास सिरुमुगई जदायमपलायम के रहने वाले 35 साल के मुरुगन आज सुबह अपने परिवार के साथ कार से करूर लौटकर लौट रहे थे। भवानीसागर में वीवर्स कॉलोनी के पास उनकी एक अन्य कार से टक्कर हो गई। हादसे में दंपती और उनके दोनों बच्चों (आठ साल का अभिषेक और सात साल की नितिशा) की मौत हो गई।
दूसरी कार में सवार कॉलेज के तीन छात्र भी घायल हो गए और उन्हें सत्यमंगलम सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। भवानीसागर पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तारा फ्लाइट की भुवनेश्वर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग, यात्री सुरक्षित
भुवनेश्वर से नई दिल्ली जा रहे एक विमान को बुधवार को उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद विमान के ओलावृष्टि में फंसने के बाद आपात स्थिति में उतारा गया। विमान में सवार 169 यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं
अधिकारियों ने बताया कि नई दिल्ली जाने वाली विस्तारा की फ्लाइट उड़ान भरने के 10 मिनट बाद ही बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (बीपीआईए) पर वापस आ गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ओडिशा के कई हिस्सों में आज दोपहर हुई ओलावृष्टि के कारण विमान के विंडशील्ड में दरार आ गई। बीपीआईए के निदेशक प्रसन्ना प्रधान ने कहा, ''एक विंडशील्ड क्षतिग्रस्त हो गया है और यात्रियों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।"