बीते माह छत्तीसगढ़ की राजधानी में रायपुर में रोड वर्ल्ड सेफ्टी सीरीज का आयोजन हुआ था। टूर्नामेंट में इंडिया लीजेंड्स के कप्तान सचिन तेंदुलकर ही थे। खिताबी मुकाबले में श्रीलंका को हराने के बाद मुंबई लौटे सचिन तेंदुलकर 27 मार्च को कोरोना पॉजिटिव हुए। इसी दिन शाम होते-होते यूसुफ पठान ने भी खुद के संक्रमित होने की बात कही। इसी टूर्नामेंट में खेलने वाले अन्य दो खिलाड़ी इरफान पठान और एस बद्रीनाथ भी बाद में कोरोना पॉजिटिव निकले। सभी क्रिकेटर्स ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से इस बात की जानकारी साझा की थी और खुद को घरों में क्वारंटीन करने की बात की थी। पूरे टूर्नामेंट के दौरान कड़े नियमों के बावजूद स्टेडियम में दर्शकों से खचाखच भरा होता था और सामाजिक दूरी तो दूर लोग मास्क भी नहीं पहनते थे।
देश में कोरोना का कोहराम चरम पर है। कोरोना के दैनिक मामलों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी देखी जा रही है। पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के सर्वाधिक 81 हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं। वहीं कोरोना से होने वाली मौतों का आंकड़ा भी बढ़ गया है। शुक्रवार को 469 मरीजों ने अपनी जान गंवाई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में देश में 81,466 नए मरीज मिले जबकि 469 मरीजों ने इस खतरनाक वायरस के आगे अपना दम तोड़ दिया है। गुरुवार के दिन सामने आए मरीजों से आज की तुलना करें तो लगभग संक्रमित मरीजों में नौ हजार का आंकड़ा बढ़ा है। वहीं कोविड-19 से मरने वालों की संख्या भी बढ़कर 1,63,396 हो गई है। इसके अलावा देश में सक्रिय मामलों का ग्राफ भी तेजी से बढ़ रहा है। एक अप्रैल से देश में कोरोना टीकाकरण की तीसरा चरण शुरू हुआ और अबतक 6,87,89,138 लोगों को कोविड-19 का टीका लगाया जा चुका है।