आईपीएल के दूसरे फेज में भी कोरोना का साया मंडरा रहा है। दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मैच से ठीक पहले तेज गेंदबाज टी नटराजन कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। हालांकि, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इस मैच को स्थगित नहीं किया और यह तय कार्यक्रम के मुताबिक शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। लीग में कोरोना के घुसने पर इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर माइकल वॉन ने बीसीसीआई पर तंज कसा है।
वॉन ने कोरोना को लेकर क्या कहा?
वॉन ने नटराजन के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद ट्वीट किया। इसमें उन्होंने लिखा कि देखते हैं आईपीएल भारत बनाम इंग्लैंड मैनचेस्टर टेस्ट की तरह रद्द होता है या नहीं। मैं दावे के साथ कहता हूं कि ऐसा नहीं होगा। दरअसल भारतीय टीम कुछ दिन पहले इंग्लैंड दौरे पर थी। दोनों टीमों के बीच 10 सितंबर से मैनचेस्टर में पांचवां और आखिरी टेस्ट खेला जाना था। हालांकि, हेड कोच रवि शास्त्री और कुछ सपोर्ट स्टाफ के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद इसे रद्द करना पड़ा था।
भारतीय टीम तब सीरीज में 2-1 से आगे चल रही थी। इस बात से ही इंग्लैंड के कई पूर्व क्रिकेटर नाराज हैं और उन्होंने भारतीय टीम और बीसीसीआई की आलोचना की थी। वॉन भी इसी लिस्ट में शामिल थे। हालांकि, इस मामले को दोनों बोर्ड ने मिलकर सुलझा लिया था। अब भी इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटरों की बयानबाजी चालू है।
आईपीएल पर फिर कोरोना का साया
घुटने की सर्जरी से ठीक होकर वापस लौटे बाएं हाथ के तेज गेंदबाज नटराजन दिल्ली के खिलाफ मैच से पहले कोरोना पॉजिटिव पाए गए। उनके संपर्क में आए छह लोगों को भी पृथकवास में भेज दिया गया है। इसमें ऑलराउंडर विजय शंकर भी शामिल हैं। बाकी टीम का भी आरटी-पीसीआर परीक्षण कराया गया जिसमें सभी की रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
विजय शंकर के अलावा विजय कुमार (टीम मैनेजर), श्याम सुंदर जे (फिजियोथेरेपिस्ट), अंजना वैनन (डॉक्टर), तुषार खेडकर (लॉजिस्टिक्स मैनेजर) और पेरियासैमी गणेशन (नेट गेंदबाज) को पृथकवास में भेजा गया है।
हैदराबाद और दिल्ली के बीच मुकाबला होगा
सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स के बीच आज रात को होने वाला मैच दुबई अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में तय कार्यक्रम के अनुसार खेला जाएगा। नटराजन को अब 10 दिन तक पृथक रहना होगा और आईपीएल में वापसी से पहले दो बार नेगेटिव रिपोर्ट लाना होगा।
नटराजन हैदराबाद के सबसे अच्छे तेज गेंदबाजों में से एक रहे हैं। आईपीएल में 24 मैच में उन्होंने 20 विकेट लिए हैं। इससे पहले मई में भी भारत में हुए आईपीएल 2021 के पहले फेज में कोरोना के मामले सामने आने के बाद इसे स्थगित कर दिया गया था। उस वक्त 29 मैच हुए थे।