पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख रमीज राजा ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) द्वारा पाकिस्तान को 2025 चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी के अधिकार दिए जाने के बाद खुशी व्यक्त की है। 2009 में लाहौर में श्रीलंकाई टीम की बस पर आतंकवादियों द्वारा हमला किए जाने के बाद पाकिस्तान कई अंतरराष्ट्रीय द्विपक्षीय सीरीज की मेजबानी करने में नाकाम रहा। पाकिस्तान vs 1996 में आखिरी बार भारत और श्रीलंका के साथ मिलकर विश्व कप की मेजबानी की थी। उसके बाद यह पहला मौका होगा जब पाकिस्तान किसी आईसीसी स्तर के टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा।
पीसीबी चेयरमैन ने जताई खुशी
पीसीबी ने मंगलवार को घोषणा की कि पाकिस्तान, जो चैंपियंस ट्रॉफी का डिफेंडिंग चैंपियन है, फरवरी 2025 में तीन स्थानों पर इस टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा। पीसीबी प्रमुख रमीज राजा ने कहा, मैं पाकिस्तान को एक विशिष्ट टूर्नामेंट के लिए मेजबान देश के रूप में चुनने के आईसीसी के फैसले से खुश हूं, उन्होंने कहा, पाकिस्तान को चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन आवंटित करके आईसीसी ने हमारे प्रबंधन और परिचालन क्षमताओं और कौशल में पूरी तरह से भरोसा जताया है।
पीसीबी चेयरमैन ने आगे कहा, हमने यह प्रदर्शित करना जारी रखा कि हम कितने बड़े मेजबान हैं और आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के माध्यम से हम फिर से खेल के प्रति अपने जुनून और प्यार का प्रदर्शन करेंगे क्योंकि यह आयोजन लाखों घरेलू क्रिकेट फैंस के लिए एक वरदान होगा, जो अपने विश्व स्तरीय और पसंदीदा खिलाड़ियों को नजदीक से देखेंगे। रमीज राज के मुताबिक, हम न केवल एक विश्व स्तरीय आयोजन की योजना बना रहे हैं बल्कि एक मजबूत टीम भी तैयार करेंगे जो हमारे घरेलू दर्शकों का मनोरंजन कर सके।
आईसीसी की घोषणा पाकिस्तान के लिए प्रोत्साहन
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद द्वारा चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी दिए जाने के बाद इस पाकिस्तान में बड़े प्रोत्साहन के तौर पर देखा जा रहा है। कुछ समय पहले पाकिस्तान के दौरे पर पहुंची न्यूजीलैंड की टीम ने सुरक्षा कारणों के चलते रावलपिंडी में मैच शुरू होने से पहले दौरा रद्द कर दिया था। उसके बाद इंग्लैंड ने भी पाकिस्तान जाने से इनकार कर दिया। लगातार दो दौरे कैंसिल होने के बाद पीसीसीबी अधिकारी निराश हो गए थे। लेकिन अब इंग्लैंड की टीम साल 2022 में पाकिस्तान दौरे पर सात टी-20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज खेलने आएगी। इसक घोषणा दोनों क्रिकेट बोर्ड ने की है।