भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की बेंगलुरु में रविवार को वार्षिक आम बैठक (एजीएम) हुई जिसमें कुछ अहम निर्णय लिए गए। चूंकि इस बैठक के एजेंडे में नए सचिव की नियुक्ति शामिल नहीं थी, इसलिए फिलहाल जय शाह की जगह अगले सचिव की घोषणा नहीं हुई। हालांकि, इस बैठक में मौजूद सदस्यों ने जय शाह से उनकी जगह अगला सचिव खोजने की प्रक्रिया में तेजी लाने का अनुरोध किया।
जय शाह कुछ दिनों पहले ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के चेयरमैन निर्विरोध चुने गए थे। शाह एक दिसंबर से यह पद संभालेंगे और आईसीसी अध्यक्ष के तौर पर उनका कार्यकाल तीन साल की अवधि तक के लिए होगा। माना जा रहा है कि शाह नवंबर के आखिरी सप्ताह में बीसीसीआई सचिव का पद छोड़ेंगे। एजीएम के दौरान सदस्यों ने अगला सचिव चुनने की प्रक्रिया को पारदर्शी रखने के लिए आपस में चर्चा की है।
एजीएम में भाग लेने वाले एक राज्य संघ के प्रतिनिधि ने न्यूज एजेंसी पीटीआई के हवाले से कहा, यह सभी उचित प्रक्रियाओं को जल्द से जल्द लागू करने का एक सामान्य अनुरोध था क्योंकि इससे हमारे लिए स्पष्टता होगी। इसके अलावा, हमारे पास आईपीएल नीलामी जैसे कुछ बड़े आयोजन भी आने वाले हैं। इस स्थिति में ऐसा नहीं होना चाहिए कि सभी चीजों को एक ही समय पर संभालना पड़े।
रोहन जेटली, शेलार दौड़ में शामिल
मौजूदा स्थिति में दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) के अध्यक्ष रोहन जेटली, बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष आशीष शेलार, संयुक्त सचिव देवजीत सैकिया और गुजरात क्रिकेट संघ के सचिव अनिल पटेल ऐसे उम्मीदवार हैं जो शाह का उत्तराधिकारी बनने की दौड़ में हैं। चयन प्रक्रिया के आगे के चरण में अगर कोई छुपा रुस्तम सामने नहीं आया तो इन्हीं नामों में से कोई शाह का उत्तराधिकारी बनेगा।
धूमल-डालमिया जीसी में आम सभा के प्रतिनिधि बने
अरुण सिंह धूमल और अविषेक डालमिया को आईपीएल संचालन समिति (जीसी) के लिए आम सभा (जनरल बॉडी) के प्रतिनिधि के रूप में चुना गया। धूमल का कम से कम आईपीएल 2025 तक लीग के अध्यक्ष के रूप में बने रहना तय था। आंध्र के पूर्व क्रिकेटर वी. चामुंडेश्वरनाथ को भारतीय खिलाड़ी संघ (आईसीए) द्वारा खिलाड़ियों के प्रतिनिधि के रूप में नामित किया गया था और उन्हें आईपीएल जीसी में शामिल किया गया था।
एजेंडे में सचिव चुनाव नहीं होने के कारण एजीएम का मुख्य मसौदा आईसीसी बैठकों में भारत के दो प्रतिनिधियों का नाम तय करना था। वर्तमान में शाह आईसीसी बोर्ड में बीसीसीआई के प्रतिनिधि हैं और आईपीएल अध्यक्ष अरुण धूमल मुख्य कार्यकारी समिति में हैं। एजीएम ने सामान्य निकाय के सदस्यों को पदों के लिए जल्द ही दो नामों (निदेशक और वैकल्पिक निदेशक) की सिफारिश करने का काम सौंपा हैं क्योंकि आईसीसी ने आगामी महिला टी20 विश्व कप के फाइनल के ठीक बाद दुबई में एक सम्मेलन भी निर्धारित किया है।