भारतीय क्रिकेट टीम इन दिनों इंग्लैंड में मौजूद है और मेजबान देश के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने के लिए तैयारी कर रही है। हालांकि सीरीज शुरू होने से कुछ दिन पहले ही टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत कोरोना संक्रमित हो गए हैं। इसके लिए पंत की आलोचना भी हो रही है और कुछ लोग उन्हें लापरवाह बता रहे हैं। लेकिन इन सबके बीच बीसीसीआई अध्यक्ष और पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने पंत का बचाव किया है।
गांगुली ने एक हिंदी न्यूज चैनल से बातचीत में पंत का बचाव करते हुए कहा, 'हर समय मास्क लगाना नामुमकिन है। उन्होंने कहा, 'हमने हाल ही में यूरोपियन चैंपियनशिप और विंबलडन टूर्नामेंट देखे हैं। नियम अब बदल चुके हैं, वह लोग अभी भी छुट्टी पर हैं और हर वक्त मास्क लगाना नामुमकिन है।'
बता दें कि पंत हाल ही में यूरोपियन चैंपियनशिप देखने स्टेडियम पहुंचे थे और इस दौरान वह बगैर मास्क के नजर आए थे। अब जब पंत डेल्टा वेरिएंट से संक्रमित बताए गए हैं, उन्हें टीम के साथ डरहम जाने से रोक दिया गया है। पंत अब दो नेगेटिव आरटी-पीसीआर आने के बाद ही टीम के साथ जुड़ पाएंगे।
गौरतलब है कि विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के बाद भारतीय टीम को 20 दिनों का अवकाश दिया गया है। इसी दौरान पंत जर्मनी और इंग्लैंड के बीच वेम्ब्ले स्टेडियम में खेले गए यूईएफए यूरो कप मुकाबला देखने पहुंचे थे।