आईसीसी टी-20 विश्व कप में आज पहला मुकाबला बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमों के दरम्यान यह मैच शारजाह में होगा। सेमीफाइनल में जाने की उम्मीद बनाए रखने के लिए यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए अहम है। बांग्लादेश और वेस्टइंडीज की टीमें लगातार अपने 2-2 मैच हार चुकी हैं। इस मुकाबले में हारने वाली टीम की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद खत्म हो जाएंगी। वहीं भारत के पूर्व क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने बांग्लादेश को वेस्टइंडीज से सावधान रहने की चेतावनी दी है।
करो या मरो वाला मैच
वेस्टइंडीज और बांग्लादेश के बीच खेले जाने वाले मैच को लेकर पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने बयान दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया KOO के जरिए बांग्लादेश के चेताते हुए कहा, वेस्टइंडीज की बैटिंग में गजब की गहराई है, पिछले मैच में हेटमायर सात नंबर पर और ब्रावो आठ नंबर पर बैटिंग करने आए थे, बचके रहिए। कुल मिलाकर दोनों टीमों के लिए यह करो या मरो वाला मैच है।
वेस्टइंडीज की प्रतिष्ठा दांव पर
टी-20 विश्व कप में कीरोन पोलार्ड की कप्तानी वाली वेस्टइंडीज की टीम को अब तक हार का सामना करना पड़ा है। कैरेबियाई टीम को पहले इंग्लैंड ने हराया फिर दक्षिण अफ्रीका ने मात दी। टी-20 क्रिकेट की स्पेशलिस्ट मानी जाने वाली कैरेबियाई टीम की प्रतिष्ठा इस विश्व कप में दांव पर है क्योंकि वह मौजूदा चैंपियन है। वेस्टइंडीज के ज्यादातर दिग्गज बल्लेबाज अभी तक शांत रहे हैं। ऐसी उम्मीद की जा रही है कि आज खेले जाने वाले मैच में उनके बल्ले से गगनचुंबी छक्के देखने को मिलेंगे।