पांच विश्व कप जीत चुकी कंगारू टीम ने यादगार प्रदर्शन किया। उसके लिए डेविड वॉर्नर और ग्लेन मैक्सवेल ने शतक लगाया। गेंदबाजी में एडम जम्पा ने चार विकेट अपने नाम किए।
ऑस्ट्रेलिया ने विश्व कप के 24वें मैच में नीदरलैंड को 309 रन से हराकर इतिहास रच दिया। नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में पांच विश्व कप जीत चुकी कंगारू टीम ने यादगार प्रदर्शन किया। उसके लिए डेविड वॉर्नर और ग्लेन मैक्सवेल ने शतक लगाया। गेंदबाजी में एडम जम्पा ने चार विकेट अपने नाम किए। ऑस्ट्रेलिया को इस विश्व कप में तीसरी जीत हासिल हुई। उसके छह अंक हो गए हैं। ऑस्ट्रेलिया का नेट रनरेट निगेटिव से पॉजिटिव हो गया।
विज्ञापन
नीदरलैंड पर 309 रन की यह जीत विश्व कप इतिहास की सबसे बड़ी और ओवरऑल वनडे इतिहास की दूसरी बड़ी जीत है। ऑस्ट्रेलिया ने विश्व कप में रनों के हिसाब से सबसे बड़ी जीत का अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा। उसने 2015 में अफगानिस्तान के खिलाफ पर्थ में 275 रन से जीत हासिल की थी। वहीं, ओवरऑल वनडे में सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड भारत के नाम है। उसने 2023 में श्रीलंका को तिरुवनंतपुरम में 317 रन से हराया था।
ग्लेन मैक्सवेल
- फोटो : अमर उजाला
नीदरलैंड के नाम दर्ज हुए शर्मनाक रिकॉर्ड
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया ने 50 ओवर में आठ विकेट पर 399 रन बनाए। जवाब में नीदरलैंड की टीम 21 ओवर में 90 रन पर सिमट गई। नीदरलैंड ने विश्व कप के मौजूदा संस्करण का सबसे न्यूनतम स्कोर बनाया। उसने अफगानिस्तान को इस शर्मनाक रिकॉर्ड के मामले में पीछे छोड़ा। अफगानिस्तान ने चेन्नई में न्यूजीलैंड के खिलाफ 139 रन बनाए थे।
adam zampa
- फोटो : सोशल मीडिया
जम्पा ने चटकाए चार विकेट
ऑस्ट्रेलिया की टीम ने शानदार गेंदबाजी करते हुए नीदरलैंड को 21 ओवर में समेट दिया। उसके लिए स्पिनर एडम जम्पा ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए। मिचेल मार्श को दो सफलता मिली। मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और पैट कमिंस ने एक-एक विकेट लिया।
नीदरलैंड के छह बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए
नीदरलैंड के पांच बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा पार कर पाए। विक्रमजीत सिंह ने सबसे ज्यादा 25 रन बनाए। तेजा निदामानुरू ने 14, स्कॉट एडवर्ड्स ने नाबाद 12, साइब्रैंड ने 11 और कॉलिन एकरमैन ने 10 रन बनाए। मैक्स ओडाड छह, बास डी लीडे चार और आर्यन दत्त एक रन बनाकर आउट हुए। लोगन वान बीक, रूलोफ वान डेर मर्वे और पॉल वान मीकेरेन खाता भी नहीं खोल पाए।
डेविड वॉर्नर
- फोटो : अमर उजाला
वॉर्नर और मैक्सवेल का रिकॉर्ड तोड़ शतक
कंगारू टीम के लिए डेविड वॉर्नर और ग्लेन मैक्सवेल ने रिकॉर्ड शतक लगाया। वॉर्नर ने छठा शतक लगाते हुए पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग का रिकॉर्ड तोड़ दिया। वह विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी बन गए। वहीं, मैक्सवेल ने आखिरी ओवरों में तूफानी पारी खेली और 40 गेंद पर ही शतक पूरा कर लिया। वह सबसे कम गेंदों पर विश्व कप में शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए। वॉर्नर ने 93 गेंद पर 104 और मैक्सवेल ने 44 गेंद पर 106 रन बनाए।
स्मिथ और लाबुशेन का अर्धशतक
वॉर्नर और मैक्सवेल के अलावा स्टीव स्मिथ ने 71 और मार्नश लाबुशेन ने 62 रन बनाए। जोश इंगलिश ने 14 और कप्तान पैट कमिंस ने नाबाद 12 रन बनाए। मिचेल मार्श नौ और कैमरन ग्रीन आठ रन बनाकर आउट हुए। मिचेल स्टार्क खाता नहीं खोल पाए। एडन जम्पा ने एक रन बनाए। नीदरलैंड के लिए लोगन वान बीक ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए। बास डी लीडे को दो सफलता मिली। आर्यन दत्त ने एक विकेट अपने नाम किया।