पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने सोमवार को ऑस्ट्रेलिया के 1998 के बाद पाकिस्तान के पहले दौरे के कार्यक्रम की घोषणा की। कंगारू टीम पाकिस्तान के दौरे पर मार्च और अप्रैल में जाएगी। इस दौरान ऑस्ट्रेलिया की टीम वहां फुल सीरीज के तहत तीन टेस्ट, तीन एकदिवसीय मैचों की सीरीज के अलावा एक टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेलेगी। ऑस्ट्रेलियाई टीम 24 साल के बाद पहली बार पाकिस्तान का दौरा करेगी।
इन मैदानों पर खेले जाएंगे टेस्ट मैच
तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 3 से 7 मार्च कराची के नेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। दूसरा टेस्ट मैच का आयोजन 12 से 16 मार्च के दरम्यान रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम रावलपिंडी में होगा। जबकि, तीसरा और अंतिम टेस्ट मैच 21 से 25 मार्च के बीच लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके अलावा लाहौर दोनों देशों के बीच खेले जाने वाली एकदिवसीय सीरीज के अलावा एक मात्र खेले जाने वाले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच की भी मेजबानी करेगाा। यह सभी मुकाबले 29 मार्च से 5 अप्रैल के दरम्यान खेले जाएंगे।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा होंगे टेस्ट मैच
पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जाने वाले तीनों टेस्ट मैच आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा होंगे। जबकि एकदिवसीय सीरीज के तहत खेले जाने वाले मुकाबले आईसीसी मेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप सुपर लीग से जुड़े होंगे। 13 देशों के बीच खेले जाने वाले विश्व कप में शीर्ष पर रहने वाली सात टीमें सीधे क्वालीफाई करेंगी। भारत इस विश्व कप के लिए पहले ही क्वालीफाई कर चुका है क्योंकि वह साल 2023 में खेले जाने वर्ल्ड कप की मेजबानी करेगा।
पीसीबी चेयरमैन ने जताई खुशी
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 8 टेस्ट और 18 वनडे खेले चुके पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को अध्यक्ष रमीज राजा ने कंगारू टीम के दौरे को लेकर खुशी जताई। उन्होंने कहा, हमे ऑस्ट्रेलिया के पाकिस्तान दौरे पर आने के लिए स्वागत करने मे खुशी हो रही है, हम तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का आयोजन करेंगे। उन्होंने आगे कहा, ऑस्ट्रेलिया शानदार प्रदर्शन करने वाली टीमों में से एक है, वह 24 साल बाद हमारे घर में खेलने आ रही है तो इससे क्रिकेट फैंस को काफी खुशी होगी, यह ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेटरों के लिए बड़ा अवसर है कि वे केवल हमारे मैदानों पर ही न खेलें बल्कि प्यार, सम्मान और अतिथि भाव का भी आनंद लें। वहीं, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कार्यकारी निक हॉकले टीम के अगले साल पाकिस्तान के दौरे की संभावना के बारे में उत्साहित हैं।