मॉर्गन के साथ हुए विवाद पर अश्विन ने खुद का बचाव किया है
- फोटो : Social Media
भारतीय गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन ने कोलकाता के कप्तान मॉर्गन के साथ हुई बहस को लेकर एक के बाद एक 6 ट्वीट किए हैं। इन ट्वीट में अश्विन ने यह साबित करने की कोशिश की है कि मैच के दौरान उन्होंने कुछ गलत नहीं किया था। अश्विन का कहना है कि उन्होंने नियमों के अनुसार वह अतिरिक्त रन लिया था और उन्हें बेवजह निशाना बनाया जा रहा है। दरअसल दिल्ली और कोलकाता के बीच मैच के दौरान अश्विन ने एक अतिरिक्त रन लिया था, जिसे लेकर पूरा बवाल हो रहा है।
दिल्ली की पारी के आखिरी ओवर में राहुल त्रिपाठी का थ्रो सटीक नहीं था और गेंद पंत के शरीर से लगकर दूर चली गई। इस पर अश्विन ने एक एक्सट्रा रन ले लिया। इसके बाद इसी ओवर में गेंदबाज टिम साउदी ने उन्हें आउट कर दिया और एक्सट्रा रन को लेकर कुछ टिप्पणी की। कोलकाता के कप्तान मॉर्गन ने भी उनका साथ दिया। यह सुनकर अश्विन मैदान में ही रुक गए और मॉर्गन की तरफ बढ़ने लगे। इसके बाद दिनेश कार्तिक ने दोनों खिलाड़ियों को अलग किया और अश्विन को पवेलियन भेजा। मैच के बाद दिनेश कार्तिक ने बताया कि मॉर्गन अश्विन के अतिरिक्त रन भागने से नाराज थे। उनके अनुसार यह रन खेल भावना के खिलाफ था।
कई खिलाड़ियों ने की अश्विन की आलोचना
इस घटना के बाद कई खिलाड़ियों ने अश्विन की आलोचना की और कहा कि अश्विन फिर से खेल भावना के खिलाफ जा रहे हैं। उन पर इससे पहले भी खेल भावना के खिलाफ जाने के आरोप लगे थे। जब उन्होंने इंग्लैंड के बल्लेबाज जोश बटलर को मांकड़ तकनीक से रन आउट कर दिया था। हालांकि, कई खिलाड़ियों ने उनका समर्थन भी किया और कहा कि उन्होंने नियमों के अंदर रहकर ही रन लिया है।
अश्विन ने दिया करारा जवाब
अपने आलोचकों को करारा जवाब देते हुए अश्विन ने 6 ट्वीट किए और अपनी पूरी बात सबके सामने रखी। उन्होंने लिखा कि "ऋषभ को गेंद लगने से पहले ही मैं रन लेने के लिए पलट चुका था। अगर मैनें देखा होता कि गेंद ऋषभ को लगी है तो भी मैं रन लेता और ऐसा करने पर मैं गलत नहीं हूं।" इसके साथ ही उन्होंने यह भी लिखा कि उन्होंने कोई लड़ाई नहीं की है, बल्कि अपना पक्ष सामने रखा है क्योंकि उनके शिक्षक और माता-पिता ने उन्हें ऐसा सिखाया है। अश्विन ने लिखा "सही और गलत को लेकर मॉर्गन और साउदी की अपनी सोच हो सकती है और उन्हें उसके साथ रहने का अधिकार है, लेकिन वो अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल नहीं कर सकते। सबसे आश्चर्यजनक बात यह है कि लोग इस मामले पर बात कर रहे हैं और दोनों को सही या गलत बता रहे हैं।"
अश्विन ने अपनी बात साफ करते हुए लिखा "दुनिया में लाखों क्रिकेटर हैं, जो अलग-अलग तरीके से सोचते हैं, लेकिन ओवरथ्रो का एक एक्सट्रा रन आपका करियर बना सकता है। नॉन स्ट्राइकर के एक यार्ड पहले भागने पर आपके करियर को नुकसान हो सकता है। उन्हें यह बताकर कन्फ्यूज न करें कि अगर आप रन नहीं लेगें या नॉन स्ट्राइकर को आउट करने की बजाय वार्निंग देंगे तो आपको अच्छा खिलाड़ी कहा जाएगा। क्योंकि जो लोग आपको सही या गलत की सीख दे रहे हैं वो दूसरी जगह अपना करियर बना चुके हैं। मैदान पर जी-जान लगाकर खेलो और नियमों मे रहकर जीतने की कोशिश करो। गेम खत्म होने पर हाथ मिलाओ। यही खेल भावना है।"