33 साल के मध्यक्रम के इस बल्लेबाज ने कहा कि भारत पिछले दो वर्षों में निरंतर प्रदर्शन को देखते हुए विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में होने का हकदार था। रहाणे ने कहा, 'हमने टीम के तौर पर दो साल तक लगातार अच्छा क्रिकेट खेला जिसके परिणामस्वरूप हम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचे। यह आसान नहीं था क्योंकि टेस्ट क्रिकेट में आपको प्रत्येक मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ देना होता है।' उन्होंने कहा, 'विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के शुरू होने के बाद हमने वेस्टइंडीज के खिलाफ जो शुरूआत की, उसके बाद से टीम ने अब तक एकजुट होकर प्रदर्शन किया है।'
रहाणे ने कहा, 'हां, यह महत्वपूर्ण मैच है लेकिन टीम के तौर पर हम इसे एक अन्य मैच की तरह लेंगे। हमें खुद को तैयार करने के लिए यहां कुछ अच्छा समय मिला। व्यक्तिगत रूप से मैं विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेलने के लिए बहुत रोमांचित हूं। हम इस मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ देने का प्रयास करेंगे, भले ही नतीजा कुछ भी हो।'