ऋचा घोष बिग बैश लीग में खेलने वाली सातवीं भारतीय महिला होंगी।
- फोटो : सोशल मीडिया
भारतीय महिला टीम की विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष बिग बैश लीग में शामिल होने वाली सातवीं भारतीय खिलाड़ी बन चुकी हैं। उन्होंने शुक्रवार को होबार्ट हरिकेंस के साथ करार किया है। घोष जल्द ही महिला बिग बैश लीग में अपना पहला मैच खेलेंगी। उनसे पहले बिग बैश में सिडनी थंडर्स के साथ स्मृति मंधाना और दीप्ती शर्मा, सिडनी सिक्सर्स के साथ राधा यादव, मेलबर्न रेनेगेड्स के साथ जेमिमाह रोड्रिग्स और हरमनप्रीत कौर करार कर चुकी हैं। ये सभी खिलाड़ी इस साल महिला बिग बैश लीग में भाग लेंगी।
ऋचा घोष के पास ऑस्ट्रेलिया में खेलने का काफी अनुभव है। उन्होंने अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर की शुरुआत यहीं से की थी। 100 से ज्यादा का स्ट्राइक रेट रखने वाली ऋचा ने पिछले महीने ऑस्ट्रेलिया में ही अपना पहला वनडे मैच खेला था। उनके अंदर बड़े छक्के लगाने की काबिलियत है और इसे देखते हुए ही भारत ने उन्हें विश्वकप टीम में शामिल किया था।