क्रिकेट में भगवान का दर्जा रखने वाले सचिन तेंदुलकर के 23 वर्षों के लंबे वनडे करियर के दौरान उनके पर्दापण और संन्यास के बीच 121 खिलाड़ियों ने भारत की तरफ से वनडे मैच खेले हैं। सचिन ने अपना वनडे करियर 18 दिसंबर 1989 को पाकिस्तान के खिलाफ गुजरांवाला में शुरू किया था और उन्होंने 23 दिसंबर 2012 को एकदिवसीय क्रिकेट से संन्यास लिया। सचिन ने इस दौरान 463 मैच खेले।
महज 16 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय वनडे करियर शुरू करने वाले सचिन भारत के 72वें खिलाड़ी थे। भारत ने अपना पहला वनडे 1974 में लीड्स में इंग्लैंड के खिलाफ खेला था। सचिन के वनडे में पर्दापण करने के बाद 121 खिलाड़ियों ने देश की ओर से एकदिवसीय मैच खेले। भारत की ओर से अब तक कुल 193 खिलाड़ी वनडे मैच खेल चुके हैं। सचिन के साथ गुजरांवाला में मध्यम तेज गेंदबाजों सलील अंकोला और विवेक राजदान ने भी अपना पर्दापण किया था।
सलील अंकोला अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में एक टेस्ट और 20 वनडे तथा राजदान दो टेस्ट और तीन वनडे ही खेल पाए जबकि सचिन ने 463 वनडे खेले और अब तक वह 194 टेस्ट खेल चुके हैं। सचिन ने वनडे से तो संन्यास लिया है लेकिन वह टेस्ट खेलना जारी रखेंगे।
सचिन के 23 वर्षों के लंबे वनडे करियर के दौरान भारत के लिए खेलने वाले 121 खिलाड़ियों में 100 से ज्यादा खिलाड़ी या तो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं या फिर टीम का हिस्सा नहीं हैं।